तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद: Tamil Nadu BJP ने Governor से की जांच की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन सौंपकर तिरुप्परनकुंद्रम में धार्मिक अधिकारों के कथित उल्लंघन की जांच कराने का आग्रह किया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने कार्तिगई दीपम पर उच्चतम न्यायालय के निर्देश की अनदेखी की। साथ ही दोषी अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई और पुलिस व्यवहार की निंदा की गई।

(फाइल फोटो के साथ) चेन्नई, 26 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बृहस्पतिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान धार्मिक अधिकारों के कथित उल्लंघन और राज्य सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय के निर्देश की अवहेलना की गहन जांच का आदेश देने की अपील की। नागेंद्रन ने राज्यपाल से यह भी अनुरोध किया कि मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित शिला स्तंभ पर दीपक प्रज्ज्वलित नहीं करने के लिए जिम्मेदार सरकारी अधिकारियों और प्रशासन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए। भाजपा नेता ने यहां लोक भवन में आर्लेकर से मुलाकात की और तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम मुद्दे एवं कथित पुलिस दमन को लेकर राज्य सरकार की निंदा करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।

नागेंद्रन ने ज्ञापन में राज्य सरकार पर 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान उच्चतम न्यायालय के निर्देश की ‘‘अवहेलना’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करके सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है जिससे हिंदुओं के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ है। मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम विवाद इस बात को लेकर है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए।

इस मामले में हालिया घटनाक्रम उच्चतम न्यायालय के 20 नवंबर के उस आदेश के बाद सामने आए जिसमें 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित शिला स्तंभ पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी। मंदिर के न्यासी बोर्ड ने सिर्फ तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पारंपरिक स्थान पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने के बाद एक बयान में कहा था कि लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भाजपा नेता ने इस घटना के दौरान पुलिस विभाग द्वारा जनता के साथ किए गए व्यवहार की भी कड़ी निंदा की।

एक बयान में उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और अदालत के आदेश के कार्यान्वयन की मांग करने वाले नागरिकों के साथ पुलिसकर्मियों ने ‘‘अमानवीय’’ व्यवहार किया जिससे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़