Bay of Bengal में निम्नदाब का खतरा, तमिलनाडु सरकार ने मछुआरों को 12 नवंबर तक लौटने को कहा

बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने के अनुमान के बाद तमिलनाडु मत्स्य पालन विभाग ने आपातकालीन सुरक्षा परामर्श जारी किया है। इसके तहत पूर्वी तटीय क्षेत्रों में मौजूद सभी नौकाओं को 12 नवंबर की रात तक किनारे पहुंचने का निर्देश दिया गया है। 13 नवंबर से अगले आदेश तक मछुआरों के समुद्र में जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्नदाब क्षेत्र बनने की संभावना के मद्देनजर तमिलनाडु मत्स्य पालन और मछुआरा कल्याण विभाग ने बुधवार को पूर्वी तटीय क्षेत्रों में गए सभी मछुआरों को 12 नवंबर की रात तक तट पर लौटने का आपातकालीन सुरक्षा परामर्श जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), चेन्नई ने अनुमान जताया है कि 13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर और अधिक भीषण हो सकता है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्वी तटीय इलाकों में मछली पकड़ने के काम में लगीं नौकाओं को 12 नवंबर की रात तक किनारे पर लौटने को कहा गया है।
नौका मालिकों और संचालकों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनकी नौकाएं सुरक्षित रूप से वापस लौट आएं और उन्हें निर्धारित मत्स्य बंदरगाहों पर सुरक्षित रूप से बांधकर रखा जाए। विज्ञप्ति में कहा गया कि 13 नवंबर से अगले आदेश तक मछली पकड़ने वाली किसी भी नौका को समुद्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अन्य न्यूज़














