Tamil Nadu में साइबर ठगों ने बैंक खातों से उड़ाए 22.10 करोड़ रुपये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु में पुलिस ने बैंक खातों से 22.10 करोड़ रुपये की बड़ी हेराफेरी से जुड़े एक ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले की जांच शुरू की है। जांच एजेंसियों को इस साइबर अपराध में नाइजीरिया के एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के शामिल होने का संदेह है। मामले को लेकर विपक्षी भाजपा नेता विनोज पी. सेल्वम ने राज्य सरकार की वित्तीय निगरानी और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

तमिलनाडु में बैंक खातों से 22.10 करोड़ रुपये की हेराफेरी से जुड़ा एक ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस धोखाधड़ी से प्राप्त धन के लेन-देन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें स्थानीय बैंक कर्मचारियों की कोई मिलीभगत है या फिर किसी के बैंक संबंधी विवरण का गलत इस्तेमाल किया गया है। पुलिस को मामले में नाइजीरिया के एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह के शामिल होने का संदेह है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विनोज पी. सेल्वम ने दावा किया कि इस घटना ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार की प्रशासनिक निगरानी, ​​जवाबदेही और तैयारियों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सेल्वम ने आज ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ये राशि ग्रामीण विकास, जरूरी सेवाओं और जन कल्याण के लिए हैं। यह वह पैसा है जो आम नागरिकों के लाभ के लिए सरकार को सौंपा गया था। साइबर अपराधियों ने सरकारी भुगतान प्रणालियों में कथित तौर पर सेंध कैसे लगाई?

करोड़ों रुपये के लेन-देन कैसे हो गए? सुरक्षा जांच, वित्तीय नियंत्रण और निगरानी के तंत्र कहां थे?’’ उन्होंने सत्तारूढ़ टीवीके पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘दुनिया के हर राजनीतिक दल में एक आईटी शाखा होती है, लेकिन तमिलनाडु में कुछ असाधारण देखने को मिला है। पहली बार किसी अभिनेता के प्रशंसक क्लब और उसकी सोशल मीडिया सेना ने ‘हैशटैग ट्रेंड’ कराने से लेकर सीधे राज्य सरकार चलाने तक का सफर तय कर लिया है!

दुर्भाग्य से, हैशटैग संभालना और एक राज्य को चलाना दो बेहद अलग बातें हैं।’’ उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को पारदर्शी जवाबों, मजबूत संस्थानों और एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो सार्वजनिक राशि की सुरक्षा करने की अपनी क्षमता साबित कर सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़