दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न: झमाझम बारिश से लुढ़का पारा, सामान्य से 7 डिग्री तक कम हुआ तापमान

Delhi
ANI
रेनू तिवारी । May 4 2026 11:26AM

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार रात बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट हुई तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री कम हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार रात मौसम ने करवट ली। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्लीवासियों को तपती गर्मी से बड़ी राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस बेमौसम बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिल्ली की सुबह काफी ठंडी रही। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.7 डिग्री कम था, जबकि रिज में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री कम था।

इसे भी पढ़ें: Jabalpur Cruise Tragedy: CM Mohan Yadav ने दिए जांच के आदेश, कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

आईएमडी के अनुसार, लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है और आयानगर में 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। दिल्ली के कई इलाकों में देर रात से लेकर सुबह तक भारी बारिश हुई। सफदरजंग में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे में लगभग 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में भी लगभग 5.7 मिमी बारिश हुई।

इसे भी पढ़ें: Operation Sindoor First Anniversary | 'तकनीक और वीरता का बेजोड़ संगम', Rajnath Singh ने सेना की क्षमता को सराहा

अन्य केंद्रों की बात करें तो अयानगर में सबसे अधिक 13 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, उसके बाद लोदी रोड और रिज में चार-चार मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान के 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 106 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़