Thane में श्रमिक शिविर में लगी आग, स्लैब गिरने से दो दमकलकर्मी घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के ठाणे में एक रियल एस्टेट परियोजना के श्रमिक शिविर में शनिवार रात आग लग गई। आग बुझाने के दौरान सीमेंट का स्लैब गिरने से दो दमकलकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। दमकल दल ने करीब सवा घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक श्रमिक शिविर में आग बुझाने के दौरान सीमेंट का स्लैब गिरने से दमकल विभाग के दो कर्मियों को मामूली चोटें आईं। नगर निकाय के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घोडबंदर मार्ग के मानपाडा इलाके में एक रियल एस्टेट परियोजना के निर्माण श्रमिकों के लिए बनाई गई दो मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल के 10 कमरों में शनिवार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर आग लग गई।

उन्होंने कहा कि दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) और कापूरबावडी थाने के कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ प्रमुख यासीन तडवी ने कहा, ‘‘निर्माण कार्य के लिए रखे गए सीमेंट स्लैब पर खड़े दो दमकलकर्मी इस स्लैब के गिरने से घायल हो गए।’’ उन्होंने बताया कि उप-केंद्र अधिकारी अमित मधुकर घोलप (43) और दमकलकर्मी शिवाजी देवराम मेंगल (46) को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि रात 11 बजकर 40 मिनट तक आग पूरी तरह बुझा दी गई और स्थिति पर काबू पा लिया गया।

उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़