Jharkhand के Ramgarh में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित SUV की टक्कर से 13 की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रांची-पटना राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में बिहार के नालंदा निवासी 13 यात्रियों की जान चली गई, जबकि एक घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के दूसरे वाहन से टकरा जाने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना रांची-पटना राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुई और जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे।

रामगढ़ के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘एक स्कॉर्पियो में तीन महिलाओं सहित कुल 13 लोग सवार थे। यह गाड़ी आगे चल रहे एक वाहन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे।’’ उन्होंने कहा कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाए गए हैं।

अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है और इसके सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा, ‘‘हादसा रात करीब दो बजे हुआ। गाड़ी में 14 लोग सवार थे।

रात करीब 2:30 बजे सभी को रामगढ़ के सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़