तूतीकोरिन में 17 करोड़ रुपये का Hashish Oil बरामद, मालदीव तस्करी की कोशिश में चार गिरफ्तार

तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के बड़े प्रयास को विफल करते हुए 17 करोड़ रुपये का हशीश ऑयल पकड़ा है। यह खेप कोयंबटूर से कार के जरिए लाई गई थी और इसे समुद्र मार्ग से मालदीव भेजने की तैयारी थी। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस कानून के तहत चार स्थानीय आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यहां 17 करोड़ रुपये मूल्य का हशीश का तेल जब्त किया है और इसे कथित रूप से मालदीव तस्करी करने की कोशिश कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की आवाजाही के संबंध में मिली विशेष सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस दल ने पूबालरायरपुरम में इस खेप को रोका।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस महंगे मादक पदार्थ को सोमवार को कार से कोयंबटूर से तूतीकोरिन लाया गया था। आरोपियों ने इस अवैध खेप को समुद्र के रास्ते मालदीव पहुंचाने के लिए नाव रवाना करने की योजना बनाई थी। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी तूतीकोरिन के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारियों ने परिवहन में इस्तेमाल वाहन के साथ हशीश का तेल भी जब्त किया है। मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि कोयंबटूर में हशीश के तेल के स्रोत का पता लगाया जा सके और मालदीव में इस खेप का इंतजार कर रहे कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सदस्यों की पहचान की जा सके।
मामले में आगे जांच जारी है।
अन्य न्यूज़














