तमिलनाडु के Mamallapuram में बस और वैन की टक्कर, 3 महिला कर्मचारियों की मौत

तमिलनाडु के मामल्लापुरम में पय्यानूर के पास गाय को बचाने के प्रयास में एक पर्यटक वैन अनियंत्रित होकर सरकारी बस से भिड़ गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में वैन सवार तीन कामकाजी महिलाओं ने दम तोड़ दिया और 20 अन्य घायल हो गईं।
मामल्लापुरम (तमिलनाडु), छह नवंबर तमिलनाडु के मामल्लापुरम में ओल्ड महाबलीपुरम रोड पर एक वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी और एक सरकारी बस से टकरा गयी, जिससे वैन में सवार तीन महिला कर्मचारियों की मौत हो गयी जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पय्यानूर के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब एक पर्यटक वैन कर्मचारियों को मामल्लापुरम से केलंबक्कम स्थित एक कंपनी में लेकर जा रही थी। मामल्लापुरम पुलिस के अनुसार, रास्ते में अचानक एक गाय के आ जाने से वैन चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
इसके बाद वैन पलट गई और विपरीत दिशा से आ रही सरकारी बस से टकरा गई। बस तिरुपोरूर से मामल्लापुरम की ओर जा रही थी। वैन में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस और पुलिसकर्मियों ने सभी 20 घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार हो रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़














