#TopNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 06 Mar 2019

today-latest-news-in-hindi-06-mar-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 06 Mar 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

यहाँ सुनें दिनभर की सभी बड़ी ख़बरें

राममंदिर मामले में मध्यस्थता पर सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला

उच्चतम न्यायालय में बुधवार को राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले में मध्यस्थता को लेकर अहम सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। माना जा रहा है कि अदालत आज ही मध्यस्थता के मुद्दे पर अपना फैसला सुना सकती है। सुनवाई की शुरूआत में हिंदू महासभा ने कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखा और मध्यस्थता के प्रस्ताव का विरोध किया। साथ ही कहा कि जब तक वह सभी को सुन नहीं लेते वह मध्यस्थता के लिए कैसे हामी भर दें। हालांकि मुस्लिम पक्षकार मध्यस्थता के लिए तैयार हैं।

वीके सिंह ने कांग्रेस पे कसा तंज, HIT मारने का बाद कितने मच्छर मरे, ये गिनने बैठूं या आराम से सो जाऊं

पाकिस्तान में वायुसेना की कार्रवाई और मारे गए आतंकवादियों की संख्या के संदर्भ में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप बुधवार को भी जारी रहा। इस विषय पर कांग्रेस नेताओं के बयान पर तंज कसते हुए विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ रात ३.३० बजे मच्छर बहुत थे, तो मैंने हिट मारा। अब मच्छर कितने मारे, ये गिनने बैठूँ, या आराम से सो जाऊँ?’’

दुष्प्रचार करना पाक की पुरानी आदत, नौसेना ने कहा- नहीं किया सीमा का उल्लघंन

भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के इस दावे को मंगलवार को खारिज कर दिया कि उसने एक भारतीय पनडुब्बी के अपने जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश नाकाम कर दी थी। साथ ही, नौसेना ने इसे पाकिस्तान का ‘दुष्प्रचार’ करार दिया है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी नौसेना ने इस्लामाबाद में एक बयान में दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के जल क्षेत्र से भारतीय पनडुब्बी को दूर रखने के लिए विशेष कौशल का उपयोग किया।

पाक ने भारत पर किया था F-16 लड़ाकू विमान से हमला, US को सौंपे गए सबूत

पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य प्रतिष्ठानों पर 27 फरवरी को हुये असफल हमले में अमेरिकी एफ-16 विमानों और एमराम मिसाइल का प्रयोग करने के साक्ष्य अमेरिका को सौंप दिये गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत इस बात को लेकर निश्चिंत है कि वाशिंगटन इस मामले की तह तक जायेगा कि पाकिस्तान ने इस अमेरिका निर्मित लड़ाकू विमान के साथ ही हवा से हवा में मार करने वाली एमराम मिसाइल का इस विमान से भारत के खिलाफ प्रयोग किया है।

दिग्विजय सिंह की नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती, अगर है दम तो मुझ पर दायर करो मुकदमा

पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दुर्घटना करार दिए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 3 केंद्रीय मंत्रियों ने जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही बीजेपी नेताओं ने दिग्विजय सिंह को देशद्रोही बताया। जिसके बाद अब दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि आखिर प्रधानमंत्री ने पुलवामा के आतंकी हमले में हुए इंटेलिजेंस फेलियर पर क्या कार्रवाही की और कौन इसके लिए जिम्मेदार है, आपने देश को नहीं बताया। क्या इसके लिए आप किसी को जिम्मेदार ठहराते हैं या नहीं।

मोदी ने कहा लोगों की पीठ पर वार कर सत्ता में आई कांग्रेस-जनता दल सरकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कलबुर्गी में आयोजित रैली में कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ‘‘रिमोट नियंत्रित मुख्यमंत्री’’ हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस-जनता दल (एस) ‘‘लोगों की पीठ पर वार’’ कर सत्ता में आए। मोदी ने कर्नाटक की कांग्रेस-जनता दल (एस) सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि जिसे 125 करोड़ लोगों का आशीर्वाद प्राप्त हो, वह किसी से नहीं डरता। PM ने कहा कि विपक्ष मुझे हटाने की कोशिश कर रहा है, जबकि मैं आतंकवाद, गरीबी और भ्रष्टाचार को हटाने की कोशिश कर रहा हूं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़