Tripura के सिपाहीजाला में BSF पर हमला करने के आरोप में आठ और लोग पकड़े गए

त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में सीमा सुरक्षा बल के जवानों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अधिकारियों को सीमा पार तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
अगरतला, छह नवंबर त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर कथित तौर पर हमला करने और उनमें से तीन को घायल करने के आरोप में आठ और लोगों को पकड़ा गया है, जिससे मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 18 हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। तस्करी के संदेह में सिपाहीजाला जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को आशाबारी सीमा चौकी के पास ग्रामीणों के एक समूह ने बीएसएफ कर्मियों पर हमला कर दिया था, जिसमें एक सहायक कमांडेंट समेत तीन जवान घायल हो गए थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और सीमा रक्षकों से हथियार छीनने का भी प्रयास किया। अधिकारी ने कहा, आशाबारी में बीएसएफ जवानों पर हुए हमले के सिलसिले में आठ और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले, दो नवंबर की इस घटना में सीधे तौर पर शामिल 10 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया था।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को राज्य प्रशासन, पुलिस, बीएसएफ, सीआरपीएफ और असम राइफल्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ त्रिपुरा की सुरक्षा स्थिति पर एक समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बैठक में आशाबारी की घटना की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, सीमा पार तस्करी के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाने तथा शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।’’
अन्य न्यूज़














