योगी आदित्यनाथ के नाम की पट्टिका को विरूपित करने के मामले में दो व्यक्ति गिरफ्तार

Yogi Adityanath
प्रतिरूप फोटो

28 सितंबर को दोनों आरोपियों ने कुछ अन्य लोगों के साथ गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी इलाके में गुर्जरों और राजपूतों के बीच जातीय संघर्ष के दौरान पट्टिका पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर काला रंग पोत दिया था।

 ग्रेटर नोएडा में तीन दिन पहले राजा मिहिर भोज की प्रतिमा के नीचे लगी पट्टिका को विरूपित करने में कथित रूप से संलिप्त रहे दो लोगों को शुक्रवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया।

गौतम बौद्ध नगर पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि दोनों लोगों ने 28 सितंबर को कुछ अन्य लोगों के साथ गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी इलाके में गुर्जरों और राजपूतों के बीच जातीय संघर्ष के दौरान पट्टिका पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम पर काला रंग पोत दिया था।

इसे भी पढ़ें: कंगना रनौत को योगी सरकार ने बनाया ओडीओपी का ब्रांड एम्बेसडर

पुलिस ने कहा कि आरोपी व्यक्तियों ने आदित्यनाथ के अलावा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर और दादरी के विधायक तेजपाल नागर, दोनों स्थानीय भाजपा नेताओं के नामों पर भी काला रंग पोत दिया था।

सुरेंद्र सिंह और तेजपाल, दोनों गुर्जर समुदाय से हैं। नौवी शताब्दी के राजा मिहिरभोज को अपने-अपने समुदाय का बताने को लेकर गुर्जरों और राजपूतों के बीच तनाव पैदा हो गया था। इस मामले में स्थानीय दादरी पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “आज, दादरी थाने की एक टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद प्रशांत भाटी और मोहित नागर को लखनऊ के काकोरी में एक टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया।

आरोपी राज्य की राजधानी (लखनऊ) जा रहे थे। गिरफ्तारी स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई। उन्होंने कहा कि दादरी थाने की टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया और उन्हें गौतम बौद्ध नगर लाया, जहां उन्हें एक अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। प्रवक्ता ने कहा, “हालांकि, पट्टिका को विरूपित किये जाने के समय की एक कथित वीडियो में नजर आया श्याम सिंह भाटी भाग निकलने में कामयाब रहा। गौतम बौद्ध नगर पुलिस ने पहले ही जिला मजिस्ट्रेट को एक रिपोर्ट भेजकर उसके हथियारों का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होने पर उत्तरप्रेदश में अपने बूते पर चुनाव लड़ सकता है जदयू

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़