मंगलुरु में बार के बाहर दो लोगों पर चाकू से हमला

stabbed
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी गुरुराज अचारी और एक अन्य संदिग्ध अशोक, जिस पर हमलावरों को शरण देने का आरोप है, फरार हैं और उनका पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।

कर्नाटक के मंगलुरु में एक बार के बाहर हुये झगड़े के दौरान कथित तौर पर चाकू से किये गये हमले में कम से कम दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार की रात को मंगलुरु के सुरतकल इलाके में हुई।

पुलिस के मुताबिक, मुखीद और निजाम एक बार में शराब पी रहे थे। इसी दौरान बार में आये चार अज्ञात लोगों के साथ उनका झगड़ा हो गया। उनके बाहर निकलने के बाद यह विवाद और बढ़ गया जो हमले का कारण बना।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर फ्लेक्स बैनर काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले चाकू से निजाम के पेट और कान के पास वार किया जबकि मुखीद के हाथ पर चोट लगी। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं।

जांच के बाद, पुलिस ने कहा कि उन्होंने हमले में शामिल सुशांत (29), के वी एलेक्स (27), नितिन (26) को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में गिरफ्तार चौथे व्यक्ति - जिसकी पहचान अरुण शेट्टी (56) के रूप में हुई है, ने कथित तौर पर अपराध के बाद आरोपियों को शरण दी थी।

पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी गुरुराज अचारी और एक अन्य संदिग्ध अशोक, जिस पर हमलावरों को शरण देने का आरोप है, फरार हैं और उनका पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़