शाहदरा में ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग लगने से दो लोगों की मौत, चार अन्य झुलसे

fire
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

इस घटना में झुलसे चार घायलों को बचा लिया गया जिन्हें निकटवर्ती जी.टी.बी. अस्पताल ले जाया गया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जो संभवतः शेड में रहने वाले श्रमिक थे।

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में रविवार सुबह ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग लग जाने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उसे सुबह करीब छह बजकर 40 मिनट पर शाहदरा के मोती राम रोड पर राम मंदिर के पास आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।

आग लगभग 400 वर्ग गज में बने ‘टिन शेड’ के ढांचे में लगी, जिसका ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘सुबह साढ़े आठ बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। अभियान के दौरान मलबे से दो जले हुए शव बरामद किए गए।’’

इस घटना में झुलसे चार घायलों को बचा लिया गया जिन्हें निकटवर्ती जी.टी.बी. अस्पताल ले जाया गया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जो संभवतः शेड में रहने वाले श्रमिक थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़