सपा के दो और बसपा के एक विधान परिषद सदस्य का इस्तीफा, अखिलेश भड़के

Two SP MLCs resign from Legislative Council paving way for BJP ministers to get in
[email protected] । Jul 29 2017 3:13PM

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने बताया कि सपा के बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह ने तथा बसपा के ठाकुर जयवीर सिंह ने आज सदन की सदस्यता से इस्तीफे का पत्र सौंपा।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के दो और बसपा के एक सदस्य ने आज विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। परिषद के सभापति रमेश यादव ने बताया कि सपा के बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह ने तथा बसपा के ठाकुर जयवीर सिंह ने आज सदन की सदस्यता से इस्तीफे का पत्र सौंपा।

इस बीच, इस्तीफे की खबर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वह हाल ही में ईद पर बुक्कल नवाब से मिले थे। उन्हें इस बात पर हैरत है कि अचानक उनका (बुक्कल) हृदय परिवर्तन क्यों हो गया। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर राजनीतिक भ्रष्टाचार के बाद अब लगता है कि उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही होगा। जनता देख रही है कि क्या हो रहा है। जिन्हें जाना है, जाएंगे। उन्हें रोका नहीं जा सकता।

नवाब ने इस्तीफे के बाद कहा कि सपा में पिछले एक साल से उनका दम घुट रहा था। अगर बुलाया गया तो वह भाजपा नेतृत्व से मिलने को तैयार हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आज राजधानी पहुंचने के दिन ही तीन विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अपने पांच मंत्रियों के बारे में फैसला लेना है। पांचों ही विधान सभा या विधान परिषद दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। योगी के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा इस समय किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़