26/11 attack केवल शहर पर हमला नहीं, भारत के खिलाफ साजिश थी: Ujjwal Nikam

वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा सांसद उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि डेविड हेडली की गवाही और ईमेल पत्राचार से साफ है कि इस साजिश में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई का आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के साथ सीधा गठजोड़ था।
वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा सांसद उज्ज्वल निकम ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2008 में मुंबई में हुआ आतंकवादी हमला केवल शहर पर हमला नहीं था, बल्कि भारत के खिलाफ एक साजिश और पाकिस्तान की ओर से युद्ध भड़काने की कोशिश थी। मुंबई हमले की 18वीं बरसी पर निकम ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि भारत के पास इस साजिश में पाकिस्तान की भूमिका की ओर इशारा करने वाले ठोस सबूत हैं। 26/11 आतंकवादी हमले के मुकदमे में विशेष लोक अभियोजक रहे निकम ने मुंबई की एक अदालत में साजिश के प्रमुख आरोपियों में से एक डेविड हेडली की गवाही और शिकागो की एक अदालत में उसके द्वारा पेश किए गए ईमेल पत्राचार का हवाला देते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के बीच ‘‘गठजोड़’’ को रेखांकित किया।
निकम ने कहा, ‘‘डेविड हेडली की गवाही से यह स्पष्ट रूप से साबित होता है। शिकागो की अदालत में उसके द्वारा पेश किए गए ईमेल पत्राचार से भी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा के बीच गठजोड़ स्पष्ट होता है।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाने में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘हेडली ने मुंबई की अदालत में इस बारे में विस्तृत जानकारी दी थी और हमने यह जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा की है।
दुर्भाग्य से पाकिस्तान इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है।’’ निकम ने कहा कि भारतीय 26 नवंबर, 2008 के हमले को कभी नहीं भूल सकते, इन हमलों में 166 लोगों की जान गई थी और देश के खिलाफ व्यापक आतंकवादी साजिश सामने आई थी। पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के भारी हथियारों से लैस 10 आतंकवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया था। इनमें विदेशियों सहित 166 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे।
अजमल कसाब एकमात्र आतंकवादी था, जिसे जिंदा पकड़ा गया था, जबकि सुरक्षा बलों ने नौ अन्य हमलावरों को मार गिराया था। कसाब को नवंबर 2012 में पुणे की यरवदा केंद्रीय जेल में फांसी दी गई थी।
अन्य न्यूज़














