यूपी में कांग्रेस की महिलाओं के साथ युवाओं को भी साधने की कोशिश, जल्द जारी कर सकती है यूथ मेनिफेस्टो

Priyanka Gandhi

इस संकल्प पत्र में सिर्फ रोजगार देने का वादा नहीं होगा, बल्कि युवाओं को यह भी बताया जाएगा कि उनके लिए किस क्षेत्र में अवसर की उपलब्धता है।

उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस महिलाओं को साधने के साथ-साथ युवाओं पर भी फोकस कर रही है। इसी कड़ी में अब कांग्रेस अलग से यूथ मेनिफेस्टो जारी करने वाली है। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी की कमान संभाल रही है। कांग्रेस का यह मेनिफेस्टो रोजगार की गारंटी के साथ यह भी बताएगा कि, युवाओं के लिए किस क्षेत्र में कितना अवसर उपलब्ध है।

 कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 70 लाख युवाओं को रोजगार का वादा करके अपनी सरकार बनाई। लेकिन जमीन पर यह वादा कहीं नजर नहीं आया। कांग्रेस युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित है। सुरेंद्र राजपूत ने संकल्प पत्र के बारे में बताया कि, इस संकल्प पत्र में सिर्फ रोजगार देने का वादा नहीं होगा, बल्कि युवाओं को यह भी बताया जाएगा कि उनके लिए किस क्षेत्र में अवसर की उपलब्धता है। इसके लिए बेरोजगार युवाओं और प्रदेश में सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्रों में जितने भी पद खाली हैं सब की सूची बनाई जा चुकी है।

 पार्टी प्रवक्ता का कहना है कि, प्रदेश में युवाओं की आबादी लगभग 8.50 करोड़ है। इनमें से करीब तीन करोड़ शिक्षित हो चुके युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। बीजेपी ने स्टार्टअप के जरिये यूथ को रोजगार देने का वादा किया था जो वह पूरा नहीं कर सकी। कांग्रेस के मेनिफेस्टो में युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार जिस क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध होगा। वहां उन्हें रोजगार दिया जाएगा।

 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में प्रियंका गांधी कांग्रेस की कमान संभाल रही हैं। प्रियंका उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सियासी लड़ाई के लिए तैयार करने में जुटी हुई हैं। प्रियंका  गांधी ने जब लड़की हूं और लड़ सकती हूं का नारा  और उसके साथ महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने की बात कही तो, सियासी हलकों में यह कहा गया कि, प्रियंका गांधी और कांग्रेस इसके जरिये उत्तर प्रदेश की महिलाओं को साधना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश में महिला वोट बैंक भी अहम माना जाता है। उसके साथ है अब कांग्रेस यूथ मेनिफेस्टो जारी कर युवाओं पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।  उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस और प्रियंका गांधी का यह दांव कितना सफल होगा यह तो वक्त ही बताएगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़