उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 10,000 रुपये हुआ, PG Doctors के लिए दो साल का सर्विस बॉन्ड लागू

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों के पीजी छात्रों के लिए दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में दो साल की अनिवार्य सेवा तय की गई है।
उत्तराखंड कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 8,300 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई करने वालों के लिए दो साल का अनिवार्य सरकारी सेवा बॉन्ड लागू करने का फैसला भी लिया गया। कैबिनेट ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के तहत काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर फैसला लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को दे दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्मिक, स्वास्थ्य, पेयजल, खनन और आबकारी विभाग समेत कई अन्य क्षेत्रों से जुड़े फैसले भी लिए गए। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले छात्रों को पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद सरकार के साथ अनिवार्य सेवा बॉन्ड भरना होगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, इन चिकित्सकों को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों के अस्पतालों में दो साल तक सेवाएं देनी होंगी।
वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों की कमी को देखते हुए कैबिनेट ने इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य सरकारी सेवा बॉन्ड लागू करने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। कैबिनेट ने देहरादून जिले के बापूग्राम, नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता और ऊधम सिंह नगर जिले के बग्गा चवन गांवों में वन भूमि को वन क्षेत्र की अधिसूचना से बाहर करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी भी दी है। इस प्रक्रिया को पूरा करने की जिम्मेदारी वन विभाग को नोडल विभाग के रूप में सौंपी गई है।
इसके अलावा, कैबिनेट ने एलोपैथिक फार्मासिस्टों की सीधी भर्ती के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता में डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शामिल करने की मंजूरी दी। बैठक में यह फैसला भी लिया गया कि वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को कुल 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी दी जाएगी। कैबिनेट ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत भर्ती और नियुक्त किए जाने वाले एक्स-रे तकनीशियन संवर्ग के कर्मचारियों की सेवा शर्तों को नियंत्रित करने के लिए उत्तराखंड एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 लागू करने को मंजूरी दी।
इसके अलावा, कैबिनेट ने उत्तराखंड में निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए सूचीबद्ध एजेंसियों की सूची से नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को हटाने का फैसला किया। कैबिनेट ने आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने का भी निर्णय लिया। इनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं।
बैठक में वन रक्षक के पद पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का फैसला भी लिया गया। कैबिनेट ने हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) सिस्टम विकसित करने को लेकर भी निर्णय लिया।
अन्य न्यूज़













