दुष्कर्म मामले में Uttarakhand High Court ने निचली अदालत का फैसला पलटा, आरोपी बरी

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने चंपावत जिले के टनकपुर में 2021 के कथित दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए गए दिनेश चौड़ाकोटी को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया है। खंडपीठ ने सत्र अदालत की 20 साल की सजा को निरस्त करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा। अदालत ने एफएसएल और मेडिकल रिपोर्ट में संबंध न मिलने तथा साक्ष्य मूल्यांकन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने चंपावत जिले के टनकपुर में 2021 में मानसिक रूप से कमजोर महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में अधीनस्थ न्यायालय द्वारा दोषी ठहराए गए व्यक्ति को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। अदालत ने उसकी सजा का आदेश भी रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए अधीनस्थ न्यायालय द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया और साक्ष्यों के मूल्यांकन पर गंभीर सवाल उठाए।
चंपावत के सत्र न्यायालय ने पिछले साल चार फरवरी को व्यक्ति को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(1) के तहत दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। उच्च न्यायालय ने इस फैसले को निरस्त कर दिया। घटना अगस्त 2021 में टनकपुर रोडवेज बस अड्डे की है और उपजिलाधिकारी के निर्देश पर 26 अगस्त, 2021 को टनकपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इसके बाद दिनेश चौड़ाकोटी नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान महिला की मानसिक स्थिति के कारण उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका। सत्र न्यायालय ने हालांकि गवाहों की गवाही और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर चौड़ाकोटी को दोषी ठहराया था।
उच्च न्यायालय ने चौड़ाकोटी की अपील पर सुनवाई करते हुए पाया कि अभियोजन पक्ष उसके खिलाफ आरोप साबित करने में विफल रहा। पीठ ने कहा कि न तो विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट और न ही चिकित्सकीय रिपोर्ट आरोपी को कथित अपराध से जोड़ती है। खंडपीठ ने करीब एक साल बाद गवाहों द्वारा अदालत में आरोपी की पहचान किए जाने को भी अविश्वसनीय माना।
अदालत ने कहा कि वीडियो में संबंधित व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था और जांच के दौरान आरोपी की पहचान के लिए शिनाख्त परेड (टीआईपी) भी नहीं कराई गई थी। उच्च न्यायालय ने सत्र न्यायाधीश द्वारा वायरल वीडियो को खुली अदालत में चलाने के बजाय अपने कक्ष में निजी रूप से देखने पर भी आपत्ति जताई। पीठ ने कहा कि न्यायाधीश द्वारा स्वयं वीडियो देखकर आरोपी की पहचान करना और उसे दोषसिद्धि का आधार बनाना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों तथा स्थापित कानूनी प्रक्रिया के विपरीत था।
अन्य न्यूज़













