Champawat POCSO केस: Uttarakhand High Court ने कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा को दी जमानत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने चंपावत के कथित दुष्कर्म मामले में कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा को राहत दे दी है। निचली अदालत में नाबालिग के बयान बदलने के बाद न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। माहरा 13 मई से न्यायिक हिरासत में थे।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने मई 2026 के कथित चंपावत सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा को जमानत दे दी है। निचली अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पहले दिए गए बयानों को बदलते हुए कहा था कि मामले में माहरा की कोई भूमिका नहीं थी। इसके बाद, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ ने माहरा को जमानत दे दी।

इस साल 13 मई को अपनी गिरफ्तारी के बाद से माहरा न्यायिक हिरासत में थे और निचली अदालतों ने 23 मई और छह अक्टूबर को उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। नाबालिग की गवाही रिकॉर्ड पर आने के बाद उच्च न्यायालय में दायर उनकी दूसरी जमानत याचिका पर उन्हें राहत मिल गई। मामले के अनुसार, चंपावत की नाबालिग लड़की एक शादी समारोह से लापता हो गई थी और बाद में वह एक डेयरी में मिली।

शुरुआत में उसके पिता की शिकायत पर भाजपा नेताओं विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन सिंह रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में, चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में मेडिकल और फोरेंसिक सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों की सच्चाई पर सवाल उठाए। पुलिस ने दावा किया कि ये आरोप एक साजिश का हिस्सा थे।

पुलिस ने पूर्व छात्र नेता कमल सिंह रावत और उसकी दोस्त अर्जिता राय को इस साजिश का मुख्य सूत्रधार बताया। आरोपियों में से एक के पिता राम सिंह रावत द्वारा मामले में दर्ज कराई गई क्रॉस-प्राथमिकी और 11 मई की एक अन्य शिकायत के बाद, आनंद माहरा को इस कथित साजिश को आगे बढ़ाने में भूमिका के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पुलिस का कहना था कि नाबालिग एक पीड़िता है और उसे काउंसलिंग की जरूरत है।

पुलिस द्वारा बार-बार बदले गए बयानों और विरोधाभासी प्राथमिकी के कारण यह मामला विवादों में घिर गया है। विपक्षी दलों, कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए न्यायिक जांच की मांग की। बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर नाबालिग से जुड़े वीडियो प्रसारित किए जाने पर भी गहरी चिंता जताई और इसे किशोर न्याय अधिनियम का उल्लंघन बताया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़