उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप! केदारनाथ समेत ऊंची पहाड़ियों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, 5 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

Kedarnath
ANI
रेनू तिवारी । Oct 30 2026 5:03PM

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने और निचले इलाकों में बारिश होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। यह जानकारी देने के साथ मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज ने पूरे प्रदेश को कड़ाके की ठंड की चपेट में ले लिया है। केदारनाथ धाम सहित राज्य के ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में जहां लगातार बर्फबारी जारी है, वहीं मैदानी और निचले इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बदलते और खराब मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सभी अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग व पर्वतारोहण जैसी गतिविधियों को तत्काल नियंत्रित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अधिकारियों को सतर्कता बरतने और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्वतों पर चढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों को नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ, गंगोत्री, औली समेत अनेक ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी जारी रही जबकि बदरीनाथ के चारों ओर ऊंची पहाड़ियों जैसे नीलकंठ पर्वत और नर-नारायण पर्वत पर जमकर हिमपात हुआ। केदारनाथ में बृहस्पतिवार से लगातार बर्फबारी जारी है जिससे पूरे क्षेत्र में बर्फ की एक मोटी सफेद चादर सी बिछ गयी है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय से पूरे केदारनाथ क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। 

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बर्फबारी ने पूरे धाम और उसके आसपास के क्षेत्र को लकदक कर दिया है और बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत रुद्रप्रयाग प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। बर्फबारी के बीच दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के लिए एक परामर्श भी जारी किया गया है जिसमें उनसे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने, ठंड में अधिक समय तक न रुकने, अस्वस्थ महसूस करने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाने तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है।

 इसके अलावा, प्रदेश के ज्यादातर निचले इलाकों में बारिश जारी है जिससे तापमान में गिरावट आयी और ठंड का अहसास बढ़ गया। देहरादून में बृहस्पतिवार को लगातार बारिश से दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़ककर 20.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नई टिहरी में भी बृहस्पतिवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री नीचे गिरकर 12.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। देहरादून मौसम केंद्र ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के पांच जिलों-नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट तथा अन्य जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।

 मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि एवं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल एवं चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

धामी ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्वतों पर चढ़ाई (ट्रेकिंग) से जुड़ी गतिविधियों को मौसम सामान्य होने तक नियंत्रित रखा जाए, संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जाए। 

उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Entertainment News Hindi Today only at Prabhasakshi 

All the updates here:

अन्य न्यूज़