Kashipur में अवैध Digital Exchange पकड़ा गया, STF ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Kashipur में अवैध Digital Exchange पकड़ा गया, STF ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तराखंड एसटीएफ और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम ने काशीपुर में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश कर एक आरोपी को दबोचा है। जांच में सामने आया कि एनएस एंटरप्राइज के जरिए आईएलडी गेटवे को बाइपास कर 21 दिनों में 45,453 ऑटोमेटेड कॉल की गईं। मौके से सर्वर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

उत्तराखंड के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में कथित अवैध डिजिटल टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फरार है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, ‘एनएस एंटरप्राइज’ के नाम से संचालित यह व्यवस्था ‘सेशन इनिशिएशन प्रोटोकॉल’ (एसआईपी) कनेक्शन के जरिए इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (आईएलडी) गेटवे को दरकिनार करती थी।

इसके माध्यम से ऑटोमेटेड कॉल की जाती थीं, जिनमें साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी कॉल भी शामिल थीं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि इस व्यवस्था के जरिए 21 दिन में कुल 45,453 कॉल की गईं। एसटीएफ और साइबर अपराध प्रकोष्ठ की कुमाऊं इकाई ने दूरसंचार विभाग की एक टीम के साथ मिलकर संदिग्ध दूरसंचार व्यवस्था के बारे में मिली सूचना के आधार पर संबंधित स्थान का तकनीकी निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कॉल सेंटर का सर्वर, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। एसटीएफ के अनुसार, मामले में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के निवासी नईमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है और उसका एक अन्य साथी फरार है। आरोपी के खिलाफ उधमसिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर स्थित साइबर अपराध थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त उपकरणों, डिजिटल अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि कथित अवैध गतिविधियों का पता लगाया जा सके और आरोपियों के अन्य सहयोगियों की भूमिका की पहचान की जा सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़