तमिलनाडु की वानती श्रीनिवासन BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त

Vanti Srinivasan

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपने संगठनात्मक नियुक्ति में बदलाव किया है। इस क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है।

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को पार्टी की तमिलनाडु इकाई की उपाध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही उन्होंने अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल इकाई का संगठन महामंत्री बनाए जाने को हरी झंडी दी। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई और कहा गया कि दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। पेशे से वकील श्रीनिवासन तमिलनाडु भाजपा में कई पदों पर रह चुकी हैं। वह विजया रहातकर की जगह लेंगी।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने मतदाताओं से की अपील, कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव करते हुए करें मतदान

पिछले महीने नड्डा ने अपनी नयी टीम की घोषणा करते हुए महिला मोर्चा को छोड़, अन्य सभी मोर्चा के अध्यक्ष बदल दिये थे। अमिताभ चक्रवर्ती अभी तक पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह संगठन मंत्री थे। वह सुब्रतो चट्टोपाध्याय की जगह लेंगे। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का दम लगा रखा है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़