हमसे 5 साल का हिसाब मांगने की बजाय अपने 50 साल का हिसाब दे कांग्रेसः वसुंधरा

vasundhara-raje-attacks-on-rahul-gandhi

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि हमारे पांच साल का हिसाब मांगने की बजाय उसे अपने 50 साल का हिसाब देना चाहिए। वसुंधरा राजे इस समय राजस्थान गौरव यात्रा के तहत राज्य के व्यापक दौरे पर हैं।

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि हमारे पांच साल का हिसाब मांगने की बजाय उसे अपने 50 साल का हिसाब देना चाहिए। वसुंधरा राजे इस समय राजस्थान गौरव यात्रा के तहत राज्य के व्यापक दौरे पर हैं। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश के दौरे पर आये थे और उन्होंने जयपुर में एक रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर जबरदस्त निशाना साधा था। राहुल गांधी ने कहा था कि इस बार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत निश्चित है।

वसुंधरा राजे ने राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्हें क्या पता लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि क्या होता है, पारदर्शी सरकार क्या होती है, जवाबदेह सरकार क्या होती है, सरकार से जनता की अपेक्षाएं क्या होती हैं? वसुंधरा राजे ने कहा, 'हम जनता को 5 सालों का हिसाब देने आए हैं। आप भी जनता के बीच जाइए और अपने 50 सालों का हिसाब दीजिए।'

वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान गौरव यात्रा की सफलता को देखकर विरोधियों की नींद उड़ी हुई है। उनको विश्वास नहीं हो रहा है कि मात्र स्वागत सभा में इतना जनसैलाब कैसे उमड़ सकता है। इसलिए वो हमारी यात्रा पर सवालिया निशान लगाकर येन-केन प्रकारेण जनता को गुमराह करने में जुट गए हैं। 

वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान शनिवार को ऐसा भी वाकया सामने आया जब यात्रा निर्धारित रस्ते से गुज़र रही थी तो उन्होंने कुछ कार्यकर्ताओं को भोजन करते हुए देखा। वह वहां रुक गयीं और उनका हाल चाल जानने के अलावा क्षेत्र में चल रही #RajasthanGauravYatra से सम्बंधित फ़ीड्बैक भी लिया। वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन भी किया।

वसुंधरा राजे ने बाद में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि ''यदि उनकी सरकार आई तो वो @BhamashahYojana बंद कर देंगे। वो #BhamashahYojna जो महिलाओं के स्वाभिमान का प्रतीक है। वो भामाशाह योजना जिसने महिलाओं को परिवार की मुखिया बनाया है।'' मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 30 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज होता है। वसुंधरा राजे ने कहा कि अब फैसला देवतुल्य जनता को लेना है कि उन्हें विकास के लिए समर्पित @BJP4Rajasthan सरकार चाहिए या फिर खोखले वादों वाली कांग्रेस सरकार चाहिए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़