VD Satheesan की बाइबल केंद्रित किताब का मुस्लिम लेखिका ने किया अनुवाद, केरल की समावेशिता की मिसाल

केरल के नेता वी. डी. सतीशन के बाइबल आधारित भाषणों पर लिखी पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद लेखिका रऊफ रूमी ने किया है। चांगनास्सेरी के एक चर्च में आयोजित कार्यक्रम में सतीशन ने इसे राज्य के सामाजिक जीवन और धार्मिक समावेशिता का अनूठा उदाहरण बताया। डीसी बुक्स द्वारा पांच नवंबर को प्रकाशित इस पुस्तक को मूल मलयालम संस्करण से अनुदित किया गया है।
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा है कि एक हिंदू नेता के बाइबिल से प्रेरित भाषणों का अंग्रेजी अनुवाद एक मुस्लिम महिला ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केरलम में ही ऐसी बातें संभव हैं। उनकी पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद करने वाली रऊफ रूमी ने ने कहा कि इस अनुभव को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।
रूमी (38) ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि भले ही वह अलग धर्म से आती हैं, फिर भी वह ईसाई शिक्षाओं और पुस्तक ‘एडम, व्हेयर आर्ट दाउ?’ में व्यक्त विचारों से बहुत प्रभावित हुईं। इस अनुभव से उनका यह विश्वास भी मजबूत हुआ कि किसी धर्म की शिक्षाओं और धर्मग्रंथों का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वह व्यक्ति उस धर्म का ही हो। सतीशन ने हाल में चांगनास्सेरी में एक चर्च में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं एक हिंदू हूं जिसने बाइबल पर भाषण दिया और बाद में उन्हें एक पुस्तक के रूप में संकलित किया।
एक मुस्लिम महिला ने इसका अंग्रेजी में अनुवाद किया। केरलम में ही ऐसी चीजें संभव हैं।’’ यह राज्य के सामाजिक जीवन की विशेषता, धार्मिक समावेशिता को उजागर करता है। कन्नूर में जन्मी रूमी के लिए यह कार्य महज अनुवाद कार्य से बढ़कर साबित हुआ।
यह एक नए धर्म को जानने, अपरिचित कहानियों को समझने और विभिन्न धार्मिक परंपराओं में करुणा और मानवता के साझा संदेशों को खोजने की यात्रा थी। लेखिका और अनुवादक रूमी ने कहा, ‘‘मैं इस्लाम धर्म से हूं, जो हमें सभी धर्मों और उनके ग्रंथों का सम्मान करना सिखाता है। इस काम ने मुझे ईसाई मान्यताओं और बाइबल की शिक्षाओं को और गहराई से समझने का अवसर दिया।’’ ‘एडम, व्हेयर आर्ट दाउ?’ का अंग्रेजी संस्करण डीसी बुक्स द्वारा पांच नवंबर को प्रकाशित किया गया।
इसे मलयालम की मूल पुस्तक ‘आदम नी एविडे आकुन्नु?’ से अनुदित किया गया है। रूमी ने बताया कि डीसी बुक्स के लिए अनुवाद के कई काम करने के बाद प्रकाशक ने सतीशन की पुस्तक के लिए उनसे संपर्क किया।
अन्य न्यूज़














