Supreme Court के दीपथून फैसले के बाद VHP ने की तमिलनाडु सीएम के इस्तीफे की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम में दीपथून पर पारंपरिक दीपक जलाने के शीर्ष अदालत के आदेश का विश्व हिंदू परिषद ने स्वागत किया है। संगठन ने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के इस्तीफे या सरकार को निलंबित करने की मांग उठाई। अदालत ने अवहेलना पर मंदिर के न्यासी बोर्ड को भी निलंबित कर दिया है।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर पाषाण दीप स्तंभ ‘दीपथून’ में पारंपरिक दीपक जलाने को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गए आदेश को शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार की ‘तुष्टिकरण की राजनीति के भद्दे चेहरे पर एक जोरदार तमाचा’ करार दिया और साथ ही राज्य में संवैधानिक तंत्र के विफल होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के इस्तीफे की मांग की। विहिप के संयुक्त महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, या फिर उच्चतम न्यायालय के आदेशों की कथित तौर पर अवहेलना करने के कारण उनकी सरकार को निलंबित कर दिया जाना चाहिए। बागड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह तुष्टीकरण की राजनीति के भद्दे चेहरे पर एक जोरदार तमाचा है।

जोसेफ विजय के कारण तमिलनाडु में संवैधानिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अगर वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उनकी सरकार को निलंबित कर दिया जाना चाहिए। किसी को भी उच्चतम न्यायालय के आदेशों का मखौल उड़ाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘जोसेफ विजय को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने तमिलनाडु में संवैधानिक तंत्र के विफल होने जैसी स्थिति पैदा कर दी है। अब यह स्पष्ट है कि सरकारी तंत्र कभी भी हिंदू आस्था का अपमान कर सकता है। हिंदू मंदिरों को सरकार की चंगुल से मुक्त कराना समय की मांग है।’’ उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को आदेश दिया कि 28 नवंबर को तमिलनाडु में ‘दीपथून’ में पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम’ प्रज्ज्वलित किया जाए।

साथ ही, शीर्ष अदालत ने 20 नवंबर के अपने आदेश की ‘‘जानबूझकर और खुलेआम अवहेलना’ करने के कारण अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी बोर्ड को निलंबित कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़