Jamia Millia Islamia को भारत विरोधी गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने देंगे: VHP

विश्व हिंदू परिषद ने जामिया परिसर की दीवारों पर आपत्तिजनक भित्तिचित्र दिखने के बाद प्रशासन और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए इसे संस्थान को अपवित्र करने की साजिश बताया। यह मामला विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान सामने आया है।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शुक्रवार को कहा कि वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया को ‘‘भारत विरोधी’’ गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने देगी। विहिप का यह बयान विश्वविद्यालय परिसर की दीवारों पर कथित तौर पर कश्मीर को आजाद करो और शरजील इमाम को रिहा करो जैसे भित्तिचित्र उकेरे जाने के बाद सामने आया है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें कथित तौर पर परिसर की दीवारों पर कश्मीर को आजाद करो , फलस्तीन को आजाद करो , शरजील इमाम को रिहा करो और आरएसएस वापस जाओ जैसे भित्तिचित्र उकेरे गए दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, पीटीआई भाषा इन तस्वीरों की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। यह घटनाक्रम विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बीच सामने आया है। बंसल ने कहा, देश की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया की दीवारों पर कश्मीर को आजाद करो , फलस्तीन को आजाद करो , शरजील इमाम को रिहा करो , कुलपति वापस जाओ और आरएसएस वापस जाओ जैसे नारे लिखा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और शिक्षा के मंदिर को अपवित्र करने की गहरी साजिश है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से इन नारों को लिखने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
अन्य न्यूज़













