महिला को 15 वर्षों तक कमरे में बंद रखने के लिए चार लोग गिरफ्तार

गोवा पुलिस ने एक महिला को उसके ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा बीते 15 वर्षों से उसके माता-पिता के घर के एक कमरे तक सीमित रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पणजी। गोवा पुलिस ने एक महिला को उसके ही परिवार के चार सदस्यों द्वारा बीते 15 वर्षों से उसके माता-पिता के घर के एक कमरे तक सीमित रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना उत्तरी गोवा के कैंडोलिम गांव की है। एक एनजीओ ने पुलिस को यह जानकारी दी जिसके बाद महिला को वहां से निकाला गया। लगभग 50 वर्ष आयुवर्ग की महिला को घर में कथित तौर पर उसके दो भाईयों और भाभियों ने एक अंधेरे कमरे में बंद करके रखा था। इसकी वजह संभवत: महिला का असामान्य व्यवहार था। पुलिस ने आज यह कहा।
बाईलांचो साद नाम के एक एनजीओ ने पुलिस को सूचित किया था जिसके बाद महिला पुलिस थाने का एक दल मंगलवार शाम कैंडोलिम स्थित उस घर में पहुंचा। पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) कार्तिक कश्यप ने आज बताया कि पूछताछ के बाद घर में रहने वाले चार लोग जिनमें महिला के दो भाई और भाभियां शामिल हैं उन्हें मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में चार आरोपियों को प्रथम श्रेणी के न्यायिक मेजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत से उन्हें जमानत मिल गई।
कश्यप ने दावा किया कि महिला को लगभग पंद्रह वर्षों से एक ही कमरे तक सीमित रखा गया था और बाहरी दुनिया से उसका कोई नाता नहीं रह गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे खिड़की के जरिए भोजन और पानी दिया जाता था। जब पुलिस दल ने कमरे में प्रवेश किया तब महिला निर्वस्त्र थी। यह कमरा घर के पिछवाड़े में स्थित है। पुलिस के पहुंचने पर भी महिला ने कमरे से बाहर आने से इनकार कर दिया। परिजनों ने बताया कि महिला का विवाह मुंबई में किसी व्यक्ति के साथ हुआ था लेकिन जब पता चला कि पुरूष पहले से शादीशुदा है तो वह घर लौट आई। उसका व्यवहार असामान्य हो गया जिसके बाद उसे परिजनों ने एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि महिला को गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अन्य न्यूज़