Ayodhya में राम मंदिर पर दीये जलें तो घरों में भी रोशनी करें, CM Yogi Adityanath की अपील

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियों के बीच नागरिकों से अपने घरों और आंगनों में दीपक प्रज्वलित करने का आह्वान किया है। उन्होंने दीपोत्सव को आस्था और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का पर्व बताते हुए कहा कि दीपक अंधकार को दूर करने की सीख देता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अयोध्या आ रहे विशिष्ट अतिथियों और संतों का भी स्वागत किया।
लखनऊ, सात नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोगों से अपील की कि जब अयोध्या में राम मंदिर में दीये जलाए जाएं, तो वे भी अपने घरों और आंगनों में दीये जलाएं। अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां जारी हैं। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दीपक केवल मिट्टी का एक पात्र नहीं, चेतना का जागरण है।
वह युगों से हमें सीख दे रहा है कि अंधकार से लड़ना नहीं होता, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार विदा हो जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के आगमन के हर्षोल्लास में सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में आयोजित होने वाला पावन दीपोत्सव इसका साक्षात दर्शन कराता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज हम सभी मां सरयू को साक्षी मानकर प्रभु श्री राम की प्राणों से प्रिय नगरी में 10वां दीपोत्सव मनाने जा रहे हैं।’’ योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव को आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व बताते हुए लोगों से अपील की, ‘‘जब श्री राम जन्मभूमि पर दीप जलें, तब आप अपने-अपने घर-आंगन में भी दीप जलाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइए, सनातन सत्य के उद्घोष का उत्सव मनाएं। जय जय श्री राम!’’ आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा कि सरयू नदी के तट पर बसी अयोध्या नगरी ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह तैयार है और वहां उत्साह एवं भक्ति का माहौल है। उन्होंने कहा, ‘‘वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनी आस्थाओं का यह पावन प्रतिफल आज पुनः लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा बनकर अंधकार पर प्रकाश, सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष करने जा रहा है।
अवधपुरी का कण-कण आज आह्लादित है, स्पंदित है।’’ योगी ने दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या आ रहे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, मित्र देशों के राजनयिकों एवं प्रतिनिधियों, देश-विदेश के अन्य विशिष्ट अतिथियों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और वसुधैव कुटुम्बकम् के इस पावन पर्व में आप सभी का सान्निध्य इस दीपोत्सव को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगा।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आइए, धर्म, मर्यादा और आलोक के इस महापर्व के साक्षी बनें।
अन्य न्यूज़














