पश्चिमी यूपी में किन मुद्दों पर वोट देगी जनता? महिलाओं और पुरुषों को सता रहा असुरक्षा का डर

uttar pradesh assembly elections
अंकित सिंह । Feb 7 2022 11:52AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर कोविड टीके की तरह ही न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि यदि ‘फर्जी समाजवादी’ सत्ता में आ गये तो वे केंद्र द्वारा किसानों एवं गरीबों को दिये जाने वाले लाभों को रोक देंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के दिग्गज नेता लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसके साथ ही अब अखिलेश यादव भी लगातार चुनावी मैदान में अपनी पार्टी का पक्ष रख रहे हैं। अखिलेश और जयंत चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार रथ यात्रा निकाल रहे हैं। वहीं प्रियंका गांधी ने भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत झोंक दी है। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है और पार्टी के पक्ष में लगातार प्रचार कर रही हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 चरणों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। भाजपा के लिए यह दोनों चरण बेहद ही महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। वहीं समाजवादी पार्टी भी पहले दो चरणों के लिए सभी समीकरणों को साधने की कोशिश में जुट गई है। प्रभासाक्षी की टीम भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने की कोशिश कर रही है और लोगों की राय जान रही है।

प्रभासाक्षी के खास कार्यक्रम चाय पर समीक्षा में भी हमने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर चर्चा की। दरअसल, प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। यही कारण है कि हमने नीरज दुबे से यह जानना चाहा कि आखिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किस तरह का माहौल है। नीरज दुबे नहीं सबसे पहले जो बात कही वह यह थी कि जमीन पर इतनी नाराजगी फिलहाल दिखाई नहीं दे रही है जितनी कि दिल्ली में बैठकर अनुमान लगाए जा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था योगी सरकार का पक्ष लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महिलाएं सबसे ज्यादा कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार से खुश नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि अगर कानून व्यवस्था सही रहेगी तभी हम मुफ्त बिजली ले सकेंगे, तभी हम गन्ने का सही समय पर भुगतान भी ले सकेंगे। ऐसा नहीं है कि यह मुद्दा महिलाओं के लिए ही सबसे ज्यादा महत्व रखता है बल्कि पुरुष भी कह रहे हैं कि पाँच साल पहले उनके लिए भी रात में घर से बाहर निकलना या खेत में सोना खतरे से खाली नहीं था

नीरज दुबे ने कहा कि मुफ्त राशन को लेकर भी मोदी सरकार और योगी सरकार के पक्ष में माहौल बनता दिखाई दे रहा है। हालांकि, उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि कहीं ना कहीं अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की जोड़ी ने भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ को मजबूत की है और भाजपा को कड़ी चुनौती भी दे रहे हैं। नीरज दुबे ने कहा कि जिस जाट वोट बैंक की लगातार बात हो रही थी कि यह सपा-आरएलडी गठबंधन के साथ पूरी तरह से चली जाएगी। उसमें कहीं ना कहीं बंटवारा भी देखने को मिल रहा है। जाटों में भी बहुत ऐसे लोग हैं जो भाजपा के पक्ष में खड़े होते दिखाई दे रहे हैं। हमने सवाल किया क्या किसान आंदोलन अभी भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ा मुद्दा है? इसको लेकर उन्होंने कहा कि कुछ गांव में नाराजगी जरूर है लेकिन ऐसा नहीं है कि पूरे क्षेत्र में इस तरह की नाराजगी देखने को मिली है।

बसपा और कांग्रेस की सक्रियता पर भी हमने नीरज दुबे से सवाल किया। नीरज दुबे ने कहा कि जाहिर सी बात है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित वोटों की संख्या भी अच्छी खासी है। यही कारण है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मायावती की पार्टी को सफलता मिलती रही है। उन्होंने कहा कि मायावती भी अब चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में एक बार फिर से वह अपने मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश कर रही हैं। दूसरी ओर प्रियंका गांधी की सक्रियता पर हमने नीरज दुबे से सवाल किया। उन्होंने कहा कि कहीं ना कहीं प्रियंका गांधी ने भी कांग्रेस में जान फूंकने की कोशिश की है। हालांकि चुनाव में कितनी सफलता मिल पाएगी यह वक्त बताएगा। कुल मिलाकर देखें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लड़ाई काफी दिलचस्प होती जा रही है। मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच दिखाई दे रही है। हालांकि कांग्रेस और बसपा भी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है।

इसे भी पढ़ें: क्या पंजाब में कांग्रेस की बन रही है हिंदू विरोधी छवि?

फर्जी समाजवादी किसानों को मिलने वाले लाभ रोक देंगे, उन्हें वोट न दे: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर कोविड टीके की तरह ही न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि यदि ‘फर्जी समाजवादी’ सत्ता में आ गये तो वे केंद्र द्वारा किसानों एवं गरीबों को दिये जाने वाले लाभों को रोक देंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) को ‘‘कागजी और परिवारवादी’’ बताते हुए कहा कि यदि वह सत्ता में लौटती है तो उत्तर प्रदेश में ‘‘बर्बादी’’ लेकर आएगी और ‘‘दंगाई मानसिकता’’ वाले बेखौफ हो जाएंगे तथा मौजूदा सरकार की सख्तियों का बदला राज्य की बहन-बेटियों से लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि इनकी (सपा की) सरकार आ गई तो एक ओर जहां वह केंद्र से मिलने वाली हजारों करोड़ रुपये की मदद पर ब्रेक लगा देंगे, वहीं दूसरी ओर गरीब के कल्याण की सभी योजनाओं पर चीनी मिल की तरह ताला लगा देंगे। मोदी ने कहा कि पहले मतदान , फिर जलपान। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत राजा महेंद्र प्रताप सिंह, चौधरी चरण सिंह और कल्याण सिंह के अलावा आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि इस बार का उत्तर प्रदेश का चुनाव सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की पहचान को बनाए रखने के लिए है। समाजवादी पार्टी द्वारा कथित तौर पर अपराधियों को टिकट दिए जाने का मुद्दा छेड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन्होंने कैसे-कैसे लोगों को टिकट दिया है। लोकतंत्र में जो लाज शर्म नाम की चीज चाहिए थी, वह भी छोड़ दिया। ऐसे-ऐसे लोगों को टिकट दिया है... इसी से आपको उनके भावी इरादों का पता चल जाएगा। 

राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, समाज बनाने के लिए होनी चाहिए: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तुष्टीकरण की राजनीति करने के लिए समाजवादी पार्टी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मथुरा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा संबोधित करते हुए कहा कि उप्र में योगी सरकार अच्छा काम कर रही है। इसके लिए योगी आदित्यनाथ निश्चित तौर पर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में जब कानून का शासन होता है, तभी वहां विकास सम्भव होता है और उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। भाजपा समाज निर्माण करती है। लोगों को एकजुट करने का काम करती है। विकास के काम को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। भाजपा को जाति और मजहब की राजनीति स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अच्छा काम कर रही है। इसके बारे में ज्यादा कुछ बताने की जरूरत नहीं है, क्योंकि, इन दिनों यहां गुण्डे, माफिया जेल में हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि जहां तक बात यहां के विकास की है, तो यह समझने की जरूरत है विकास की बस एक शर्त होती है कि कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखी जाए और यह योगी आदित्य नाथ ने बहुत अच्छे तरीके से कायम की है।

इसे भी पढ़ें: बसपा-कांग्रेस के मुस्लिम प्रत्याशियों से सपा गठबंधन को हो सकता है भारी नुकसान

भर्ती की बात करने वालों को वोट दे जनता: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई व्यक्ति ‘गर्मी’ निकालने की बात कर रहा है, जबकि कांग्रेस बेरोजगारों की भर्ती की बात कर रही है। अलीगढ़ में एक व्यक्ति के साथ बातचीत के दौरान प्रियंका को यह कहते हुए सुना गया, अब कोई गर्मी निकालने की और चर्बी निकालने की बात कर रहा है, लेकिन हम (कांग्रेस) भर्ती करने की बात कह रहे हैं। यहां खड़े कई युवा बेरोजगार हैं, सरकार में लगभग 12 लाख पद खाली पड़े हैं। योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेताओं की खून की गर्मी शांत हो जाएगी। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा किए गये एक ट्वीट में कहा गया है, इस बार भर्ती निकालने की बात करने वालों को वोट दीजिए, चर्बी निकालने और गर्मी निकालने वालों को खारिज कीजिए।

- अंकित सिंह

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़