नवरात्रि पर्व में इस तरह सज धज करें माँ दुर्गा का स्वागत

Do goddess durga worship in Navratri festival like this

बसंत के आते ही तरह-तरह के उत्सव आते हैं। उसके बाद आता है बासंतिक नवरात्र। नवरात्र में न केवल पूजा-पाठ और उपवास होता है बल्कि विभिन्न परिधानों में सज-धज कर महिलाएं मां दुर्गा का स्वागत करती हैं।

बसंत अपने साथ रंगों की सौगात लेकर आता है। बसंत के आते ही तरह-तरह के उत्सव आते हैं। उसके बाद आता है बासंतिक नवरात्र। नवरात्र में न केवल पूजा-पाठ और उपवास होता है बल्कि विभिन्न परिधानों में सज-धज कर महिलाएं मां दुर्गा का स्वागत करती हैं। तो आइए साज-श्रृंगार से जुड़ी जानकारी पर चर्चा करते हैं। 

नौ दिन नौ रंग 

नवरात्रि का पहला दिन माता शैलपुत्री का होता है। इस दिन पीले रंग वस्त्र धारण करें अच्छा होता है। दूसरा दिन माता ब्रह्माचारिणी का होता है। दूसरे दिन हरे रंग का कपड़ा पहनें। माता चन्द्रघंटा का दिन नवरात्रि के तीसरे दिन आता है। इस दिन हल्के भूरे रंग का कपड़ा पहनना शुभ होता है। माता कुष्मांडा की पूजा चर्तुथ दिवस को होती है, इस दिन नारंगी रंग के वस्त्र पहन कर देवी की आराधना करें। पांचवें दिन सफेद रंग का कपड़ा पहन कर स्कंदमाता की पूजा करें। माता कात्यायनी छठवें दिन आती हैं। लाल रंग का कपड़ा पहन पूजा करें, देवी प्रसन्न होंगी। सातवें दिन माता कालरात्रि की पूजा होती है। इस दिन नीले रंग का वस्त्र धारण करें। अष्टम दिवस माता महागौरी का होता है। इस दिन गुलाबी रंग के वस्त्र पहन पूजा करें भविष्य उज्ज्वल होगा। आखिरी दिन माता सिद्धिदात्री आती हैं, इस दिन बैंगनी रंग के कपड़े पहनें। इस तरह नवरात्रि के नौ दिन नौ रंग के वस्त्र पहनें।   

पारंपरिक परिधान 

नवरात्रि में उपवास के दौरान पारंपरिक वस्त्र धारण करने की कोशिश करें। पूजा के दौरान जींस या पैंट पहन आप मर्यादा का उल्लघंन न करें। आप साड़ी, सूट और कुर्ते भी पहन सकती हैं। सिल्क की साड़ी पहन कर आप पारंपरिक और स्टाइलिश दिखेंगी। साथ में सिल्क के कुर्ते भी इस मौके पर अच्छे लगेंगे। साथ ही उजले रंग के वस्त्र पहनें। उजले कपड़े सकरात्मकता का संचार करते हैं। गहरे रंग को कुछ दिनों के लिए छोड़ दें। 

स्टाइलिश आउटफिट्स

नवरात्रि में अगर आप ट्रेडिशनल के साथ मार्डन दिखना चाहती हैं तो स्लिट कुर्ते के साथ प्लाजो या स्कर्ट पहन सकती हैं। जैकार्ड डिजाइन के जैकेट भी पहन सकती हैं। ये जैकेट आप प्लेन कुर्ते या सूती अनारकली कुर्ते के साथ पहन सकती हैं। स्लिट कुर्ते और प्लाजो पैंट के साथ जैकार्ड जैकेट खूब जंचते हैं।

हैवी दुप्पटे

नवरात्रि में हल्के सूट और कुर्ते के साथ भारी कढ़ाई वाले दुप्पटे लें। 

गुजराती अंदाज अपनाएं

गुजरात में नवरात्रि को खास अंदाज में मनाया जाता है। नवरात्रि में यहां लोग डांडिया और गरबा भी खेलते हैं। इसके लिए अलग तरह के परिधान धारण करते हैं। ये कपड़े देखने में सुंदर होते हैं। आप इस गुजराती स्टाइल को फालो कर सकती हैं। साथ में गुजराती कढ़ाई वाले कपड़े भी पहन सकती हैं।

ज्वैलरी 

नवरात्रि में पूजा के समय हल्की और पारंपरिक ज्वैलरी पहनें। कपड़ों से मैच करते गहने पहनें। हल्के गहनों के साथ आप खूबसूरत लगने के साथ स्टाइलिश भी दिखेंगी।

मेकअप

पूजा के दौरान कोशिश करें मेकअप हल्का रहे। गहरा मेकअप आपके चेहरे को भारी और बूढ़ा बना देता है। फाउंडेशन और पाउडर हल्का लगाएं। साथ में काजल और बिंदी जरूर लगाएं। अगर आप विवाहित हैं तो सिंदूर और बड़ी बिंदी आपको ट्रेडिशनल लुक प्रदान करेगा।

बाल 

पूजा के दौरान बालों को खुला न रखें। हिन्दू शास्त्रों के अनुसार स्त्री के बाल बंधे होने चाहिए। खुले बालों का नकारात्मक असर होता और घर में क्लेश बढ़ता है।

-प्रज्ञा पाण्डेय

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़