Ashish Yadav ने World U20 Athletics में भालाफेंक का रजत पदक जीता, भारत का खाता खोला

विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैम्पियनशिप में 19 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी आशीष यादव ने पुरुषों के भालाफेंक में 74.09 मीटर का थ्रो फेंककर रजत पदक हासिल किया। वह इस प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा के बाद पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं, जिस पर चोपड़ा ने उन्हें बधाई दी। वहीं ऊंची कूद में पूजा सिंह और लंबी कूद में शाहनवाज खान तथा जितिन अर्जुन ने फाइनल में जगह बनाई।
यूजीन, आठ अगस्त आशीष यादव ने विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैम्पियनशिप में पुरूषों के भालाफेंक में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला जबकि राष्ट्रीय सीनियर रिकॉर्डधारी पूजा सिंह ने महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में जगह बना ली। यादव ने तीसरे दौर में 74 . 09 मीटर का थ्रो फेंककर रजत पदक हासिल किया। वहीं भारत के टी धरणीधरन 72 . 35 मीटर के थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।
यादव अपने सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन से 40 सेमी पीछे रह गए। उन्होंने मार्च में पटियाला में इंडियन ओपन थ्रो प्रतिस्पर्धा में 74 . 49 मीटर का थ्रो फेंका था। 19 वर्ष के यादव दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए।
चोपड़ा ने 2016 में पोलैंड में 86 . 48 मीटर के विश्व जूनियर रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है। दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80 . 50 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।
वहीं डोमिनिका के एडिसन जेम्स को कांस्य पदक मिला जिन्होंने 73 . 89 मीटर का थ्रो फेंका था। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक किसान परिवार में जन्मे यादव हरियाणा के हिसार स्थित आईआईएस-साइ सेंटर में मुख्य कोच अरविंद कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं। वह नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन से प्रेरणा लेते हैं।
चोपड़ा ने भी इस युवा खिलाड़ी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘‘भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते और जीतते देखना हमेशा शानदार अहसास होता है। एक भाला फेंक खिलाड़ी के तौर पर यह उपलब्धि मेरे लिए कुछ ज्यादा खास है।
अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर आशीष मुझे तुम पर बेहद गर्व है। यह तो बस शुरुआत है! ’’ यादव ने 2026 सत्र की शुरुआत शानदार अंदाज में की और अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को सुधारते हुए 74.49 मीटर की दूरी तक भाला फेंका।
उन्होंने 73.12 मीटर के थ्रो के साथ जूनियर फेडरेशन कप में भी रजत पदक जीता। हालांकि मई में हांगकांग में हुई एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जहां 69.58 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ वह पांचवें स्थान पर रहे। इसके बाद उन्होंने लुधियाना में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में वापसी की और 72.27 मीटर के थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
एक दिन पहले पुरूषों की 400 मीटर हीट के पहले दौर में अंडर 20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले मोहम्मद अशफाक फाइनल में 46 . 20 सेकंड का समय निकालकर आठवें स्थान पर रहे। अमेरिका के जेडेन डेलोन ने 44 . 47 सेकंड के साथ स्वर्ण और उनके हमवतन किंसी विल्सन ने 44 . 62 मीटर के साथ रजत पदक जीता। दक्षिण अफ्रीका के लीन्डर्ट के को कांस्य पदक मिला।
महिलाओं की ऊंची कूद में पूजा ने 1 . 79 मीटर के साथ फाइनल में जगह बनाई। दोनों क्वालीफिकेशन ग्रुप से 1 . 79 मीटर की बाधा पार करने वाले को फाइनल में जगह मिली। पुरूषों की लंबी कूद में शाहनवाज खान और जितिन अर्जुन ने फाइनल में जगह बना ली।
शाहनवाज क्वालीफिकेशन ग्रुप ए में 7 . 79 मीटर की कूद के साथ चौथे और कुल पांचवें स्थान पर रहे जबकि जितिन 7 . 57 मीटर की कूद लगाकर 12वें स्थान पर रहे। महिलाओं की भालाफेंक स्पर्धा में पूनम अपने क्वालीफिकेशन ग्रुप में आठवें और कुल 13वें स्थान के साथ फाइनल में जगह नहीं बना सकी।
अन्य न्यूज़













