Hansi Flick पर Barcelona का बढ़ा भरोसा, लगातार दूसरी La Liga जीत के बाद 2028 तक बढ़ाया Contract

बार्सिलोना ने लगातार दूसरी बार ला लीगा खिताब जीतने के बाद मुख्य कोच हांसी फ्लिक का अनुबंध 2028 तक बढ़ा दिया है। एल क्लासिको में रियल मैड्रिड पर मिली निर्णायक जीत के बाद क्लब ने फ्लिक के सफल नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए यह रणनीतिक फैसला लिया है।
बार्सिलोना ने अपने मुख्य कोच हांसी फ्लिक के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला ले लिया। क्लब ने आधिकारिक तौर पर जर्मन कोच हांसी फ्लिक का अनुबंध 2028 तक बढ़ा दिया हैं। बता दें कि फ्लिक का मौजूदा करार अगले सीजन तक था, लेकिन क्लब ने उनकी शानदार सफलता को देखते हुए एक साल का विस्तार और अतिरिक्त एक साल का विकल्प भी शामिल किया है।
गौरतलब है कि रविवार को खेले गए एल क्लासिको मुकाबले में बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को हराकर ला लीगा खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ टीम ने लगातार दूसरी बार लीग ट्रॉफी जीती और फ्लिक के नेतृत्व में क्लब का दबदबा फिर मजबूत होता दिखा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार 61 वर्षीय हांसी फ्लिक ने अनुबंध बढ़ने के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि क्लब ने उन्हें और उनकी टीम को भरोसा दिया हैं। उन्होंने कहा कि बार्सिलोना जैसे बड़े क्लब में लंबे समय का करार हमेशा जरूरी नहीं होता और सीमित लेकिन भरोसेमंद समझौता दोनों पक्षों के लिए बेहतर रहता है।
बता दें कि हांसी फ्लिक ने साल 2024 में पूर्व कोच जावी हर्नांडेज की जगह बार्सिलोना की कमान संभाली थी। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने क्लब को कोपा डेल रे खिताब दिलाया और अब लगातार दूसरी ला लीगा जीत के साथ अपनी छाप और मजबूत कर दी है।
फ्लिक के लिए यह समय निजी तौर पर भी काफी भावुक रहा। मौजूद जानकारी के अनुसार एल क्लासिको मुकाबले से पहले उनके पिता का निधन हो गया था। मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम में एक मिनट का मौन भी रखा गया था। इसके बावजूद फ्लिक ने टीम के साथ बने रहकर खिताबी मुकाबले में जीत दिलाई, जिसकी काफी चर्चा हो रही है।
गौरतलब है कि हांसी फ्लिक इससे पहले बायर्न म्यूनिख और जर्मनी की राष्ट्रीय टीम के साथ भी बड़ी सफलताएं हासिल कर चुके हैं। बायर्न म्यूनिख के साथ उन्होंने बुंडेसलीगा, चैम्पियंस लीग और क्लब विश्व कप जैसे बड़े खिताब जीते थे। अब बार्सिलोना प्रबंधन को उम्मीद है कि फ्लिक आने वाले वर्षों में क्लब को यूरोप में भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
अन्य न्यूज़















