BWF World Tour 2026: PV Sindhu और Kidambi Srikanth का दमदार प्रदर्शन, Thailand Open के दूसरे राउंड में बनाई जगह

PV Sindhu And Kidambi Srikanth
AI Generated

थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में किदाम्बी श्रीकांत और पीवी सिंधू ने सीधे गेम में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में प्रवेश किया। श्रीकांत ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू पर एकतरफा जीत हासिल की, जबकि सिंधू भी अपना मुकाबला आसानी से जीतने में सफल रहीं।

स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और पी वी सिंधू थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में बुधवार को सीधे गेम में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में पहुंच गए। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू को 21 . 14, 21 . 15 से हराया। वहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने चीनी ताइपै की तुंग सियू तोंग को मात दी।

श्रीकांत का सामना चीनी ताइपै के सू लि यांग से होगा जबकि सिंधू डेनमार्क की अमेली शूल्ज से खेलेंगी। एशिया चैम्पियनशिप के फाइनल तक पहुंचे आयुष शेट्टी को जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाइ नराओका के खिलाफ 13 . 21, 21 . 17, 4 . 21 से पराजय झेलनी पड़ी जबकि तरूण मन्नेपल्ली जापान के ही कोकी वातानाबे से 12 . 21, 16 . 21 से हार गए।

उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब को क्रमश: थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग और चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फेइ ने हराया। हुड्डा को21-11 17-21 16-21 से पराजय मिली जबकि खरब को तोक्यो ओलंपिक चैम्पियन ने 21-19 13-21 18-21 से हराया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़