कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद ओलंपिक से बाहर हुई यह खिलाड़ी!

tokyo olympic

फर्नांडा उज्बेकिस्तान से कोविड नेगेटिव नतीजे के साथ तोक्यो आई थी लेकिन यहां हवाई अड्डे पर हुए एंटीजेन और पीसीआर परीक्षण दोनों में पॉजिटिव पाई गई जिसके बाद उन्हें पूर्व निर्धारित पृथकवास सुविधा में रखा गया है।

तोक्यो। चिली की ताइक्वांडो खिलाड़ी फर्नांडा एग्वायर बुधवार को यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के कारण ओलंपिक से बाहर हो गई। चिली की ओलंपिक संस्था ने यह जानकारी दी। चिली की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) ने बयान में कहा, ‘‘जापान पहुंचने पर किए गए परीक्षण में फर्नांडा एग्वायर कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई।’’ फर्नांडा उज्बेकिस्तान से कोविड नेगेटिव नतीजे के साथ तोक्यो आई थी लेकिन यहां हवाई अड्डे पर हुए एंटीजेन और पीसीआर परीक्षण दोनों में पॉजिटिव पाई गई जिसके बाद उन्हें पूर्व निर्धारित पृथकवास सुविधा में रखा गया है। चिली की एनओसी ने कहा, ‘‘खिलाड़ी में कोई लक्षण नजर नहीं आ रहा है और वह स्वस्थ्य है लेकिन दुर्भाग्य से वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएगी क्योंकि जापान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कम से कम 10 दिन का पृथकवास लागू किया है।’’

इसे भी पढ़ें: भारतीय टेनिस संघ पर बरसे रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा, AITA ने उठाया बड़ा कदम

ताइक्वांडो प्रतियोगिता की शुरुआत शनिवार से होगी। फर्नांडा के कोच जोस जपाटा को नेगेटिव नतीजे के बावजूद करीबी संपर्क होने के कारण पृथकवास में रखा गया है। आयोजन समिति ने बुधवार को खेलों से जुड़े जिन आठ कोविड-19 संक्रमित मामलों का खुलासा किया उसमें फर्नांडा भी शामिल थी। फर्नांडा से पहले पांच खिलाड़ी कोविड-19 पॉजिटिव पाए जा चुके हैं जिसमें से तीन खेल गांव में रह रहे थे। हालांकि इनमें से कोई भी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पॉजिटिव नहीं पाया गया। बुधवार को आठ नए मामलों के साथ खेलों से जुड़े कोविड मामलों की संख्या 75 पहुंच गई है। ओलंपिक शुक्रवार से शुरू होंगे और स्टेडियम में दर्शकों की गैरमौजूदगी में आठ अगस्त तक चलेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़