Dhruv Jurel बोले पांचवें दिन Hagley Oval की पिच पर बल्लेबाजी होगी आसान

Dhruv Jurel बोले पांचवें दिन Hagley Oval की पिच पर बल्लेबाजी होगी आसान
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने क्राइस्टचर्च में कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन पिच बल्लेबाजों के लिए अधिक मददगार साबित होगी। पहली पारी में 88 रन बनाने वाले जुरेल ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारी निभाई और उनका हौसला बढ़ाया।

(कुशान सरकार) क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरेल का मानना ​​है कि हैगली ओवल की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है और उन्हें उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलेगी। जुरेल ने वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच से इसकी तुलना की। भारत की पहली पारी में शानदार 88 रन बनाने वाले जुरेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों आकाश दीप और गुरनूर बराड़ के साथ मिलकर उपयोगी रन बनाए।

जुरेल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘पिच सूख गई थी और कूकाबुरा गेंद पुरानी होने के कारण बल्लेबाजी करना आसान हो गया था। मेरा मानना ​​है कि पिच पांचवें दिन तक बल्लेबाजी और आसान हो जाएगी और गेंदबाजों को इससे खास मदद नहीं मिलेगी।’’ इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करते समय काफी धैर्य और समझदारी दिखाई। उन्होंने कहा, ‘‘टीम के लिए योगदान देकर अच्छा लग रहा है।

जब भी निचले क्रम के बल्लेबाज क्रीज पर आते हैं तो मैं उनमें आत्मविश्वास भरने की कोशिश करता हूं। हम सभी जानते हैं कि गेंदबाजों को रक्षात्मक खेलना पसंद नहीं होता। हमें उन्हें यह भरोसा दिलाना होगा कि वे भी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं।’’ जुरेल ने कहा कि वह निचले क्रम के बल्लेबाजों को यह समझाने की कोशिश करते हैं कि जब वह जुझारूपन दिखाते हैं तो विपक्षी गेंदबाजों के लिए यह कितना निराशाजनक हो सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब निचले क्रम के बल्लेबाज बल्लेबाजी के लिए आते हैं, तो मैं उन्हें यह कहकर उकसाता हूं, कि जब वह गेंदबाजी कर रहे होते हैं तब निचले क्रम के बल्लेबाज उन्हें परेशान करते हैं तो उन्हें कैसा लगता है। इसलिए आप भी वैसा ही कर सकते हैं।’’ इस विकेटकीपर-बल्लेबाज का मानना ​​है कि निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करने के लिए अगली गेंद पर ध्यान केंद्रित करना महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछली गेंद को भूलकर अगली गेंद पर ध्यान केंद्रित करना हमेशा अच्छा होता है।

एक-एक गेंद, एक-एक सत्र में आगे बढ़ना महत्वपूर्ण होता है।’ जुरेल ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में खेलने के बारे में कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करना उनका सपना था। उन्होंने कहा, ‘‘इन देशों ने खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना मेरा सपना था। मेरा परिवार पहली बार यहां आया है और उन्होंने इसका खूब आनंद लिया।

अगर मैंने शतक बनाया होता तो और भी बेहतर होता।’’ आकाश दीप हेलमेट पर दो बार गेंद लगने कारण मैच से बाहर हो गए। उनके बारे में जुरेल ने कहा कि मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें नींद आ रही थी और कुछ दर्द भी था।

मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़