FIFA World Cup 2026: महिला शक्ति का दिखेगा दम, Tori Penso समेत 2 महिला रेफरी शामिल

FIFA World Cup 2026
AI Generated

फीफा ने 2026 फुटबॉल विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी चुने हैं, जिसमें अमेरिका की टोरी पेन्सो और मैक्सिको की काटिया गार्सिया के रूप में दो महिला रेफरी भी शामिल हैं। यह चयन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और यह दूसरा अवसर है जब पुरुषों के विश्व कप में महिला अधिकारी हिस्सा लेंगी, जो महिला रेफरिंग को बढ़ावा देने की फीफा की नीति को दर्शाता है।

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फ़ीफ़ा ने दो महीने बाद शुरू होने वाले विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी का चयन किया है जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अमेरिका की टोरी पेन्सो और मैक्सिको की काटिया गार्सिया के रूप में दो महिला रेफरी इस सूची में शामिल हैं। फीफा ने अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होने वाले टूर्नामेंट के लिए तीन महिलाओं को सहायक रेफरी और एक महिला को वीडियो मैच अधिकारी के रूप में भी चुना गया है।

यह दूसरा अवसर है जबकि पुरुषों के विश्व कप में महिला रेफरी भाग लेंगे। कतर में चार साल पहले खेले गए विश्व कप में तीन महिला रेफरी और तीन महिला सहायक रेफरी शामिल थीं। पेन्सो 2023 में महिला विश्व कप के फाइनल में रेफरी थीं। फीफा ने कहा कि रेफरी का चयन प्रदर्शन को प्राथमिकता देने के आधार पर किया गया है। रेफरी विभाग के प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने कहा, ‘‘हमने चार साल पहले कतर में महिला अधिकारियों की नियुक्ति की थी और इस बार छह महिला मैच अधिकारियों का चयन करके हमने उस सिलसिले को जारी रखा है क्योंकि हमारा लक्ष्य महिला रेफरिंग को बढ़ावा देना है।’’ फीफा ने कहा कि टूर्नामेंट में 170 मैच अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिनमें 52 रेफरी, 88 सहायक रेफरी और 30 वीडियो मैच अधिकारी शामिल हैं। यह संख्या विश्व कप 2022 में शामिल 139 मैच अधिकारियों से अधिक है।

विश्व कप 2026 अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप है, जिसमें 48 टीमें भाग लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। यही नहीं यह पहला विश्व कप होगा जिसकी सह-मेजबानी तीन देश करेंगे। पिछले विश्व कप में भाग लेने वाले कई रेफरी को इस साल के टूर्नामेंट के लिए भी चुना गया है। इनमें पोलैंड के साइमन मार्सिनियाच भी शामिल हैं, जिन्होंने चार साल पहले फाइनल में रेफरी की भूमिका निभाई थी। इस सूची में कांगो के रेफरी जीन-जैक्स नडाला का नाम नहीं है जो जनवरी में अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के विवादों से घिरे फाइनल में रेफरी थे। सेनेगल ने इस मैच में मोरक्को को हराया था। पिछले महीने अफ्रीकी फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था ने हालांकि इस परिणाम को पलटकर मोरक्को को खिताब से सम्मानित किया था। सेनेगल ने स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट में अपील दायर की है और दोनों देश फैसला आने तक अफ्रीकी चैंपियन होने का दावा कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़