AFC Women's Asian Cup: Team India की 'अग्निपरीक्षा', दो बार की चैंपियन Japan से होगी टक्कर

AFC Womens Asian Cup
Instagram/@indianfootball

एएफसी महिला एशियाई कप में वियतनाम से मिली हार के बाद भारतीय महिला फुटबॉल टीम की अगली चुनौती मजबूत जापान है, जहाँ टीम की रक्षात्मक मजबूती और जवाबी हमले की रणनीति की कड़ी परीक्षा होगी। यह मुकाबला भारत के लिए क्वार्टर फाइनल की उम्मीदों को बनाए रखने और 2027 फीफा महिला विश्व कप क्वालिफिकेशन की राह में बने रहने के लिए महत्वपूर्ण है।

वियतनाम के खिलाफ पिछले ग्रुप मैच में दमदार प्रदर्शन से भारतीय महिला फुटबॉल टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा लेकिन शनिवार को यहां एएफसी महिला एशियाई कप के दूसरे मैच में जापान की मजबूत टीम से होने वाला मुकाबला उसके लिए चुनौतीपूर्ण होगा। भारत ने ग्रुप सी के शुरूआती मैच में बुधवार को वियतनाम के खिलाफ हूटर से ठीक तीन मिनट पहले ‘इंजुरी टाइम’ में गोल गंवा दिया जिससे उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा और उसने अहम अंक गंवा दिया। वियतनाम 2023 फीफा विश्व कप में खेला था और उनके खिलाफ मैच में पदार्पण कर रही सैनफिडा नोंग्रम के बराबरी गोल से टीम का मनोबल बढ़ा होगा।

लेकिन दुनिया की आठवें नंबर और दो बार की चैंपियन टीम जापान पूरी तरह से अलग टीम होगी और भारत से कहीं बेहतर होगी। अब कोच अमेलिया वाल्वरडे का काम अपनी टीम को मजबूत बनाए रखना और रक्षात्मक मजबूती पर काम करना होगा। इसके साथ ही उन्हें जवाबी हमले पर भी ध्यान देना होगा। फीफा विश्व कप 2011 की विजेता टीम जापान ने अपने पिछले मैच में चीनी ताइपे के पेनल्टी क्षेत्र में 87 बार प्रवेश किया था जिससे शनिवार को कप्तान स्वीटी देवी की अगुआई वाला भारतीय डिफेंस काफी व्यस्त रहेगा। भारतीय टीम जापान के गोल की संख्या पर भी लगाम लगाने की कोशिश करेगी।

वियतनाम और चीनी ताइपे शनिवार को एक और मैच में आमने-सामने होंगे। तीनों ग्रुप में से प्रत्येक से शीर्ष दो टीम और तीसरे नंबर की दो बेहतर टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीम ब्राजील में होने वाले 2027 फीफा महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। वहीं क्वार्टरफाइनल में हारने वाली टीम विश्व कप के लिए एएफसी को दिए गए दो बचे हुए स्थानों के लिए प्लेऑफ खेलेंगी। प्लेऑफ हारने वाली दो टीम के पास प्लेऑफ टूर्नामेंट के जरिए ब्राजील के लिए क्वालीफाई करने का एक और मौका होगा।

भारत और जापान एएफसी महिला एशियाई कप में तीसरी बार और 1999 में ग्रुप चरण के बाद पहली बार भिड़ेंगे। जापान ने दोनों मुकाबले 7-0 और 1-0 के अंतर से जीते हैं। शनिवार के मैच से पहले वाल्वरडे ने कहा, ‘‘टीम अच्छा महसूस कर रही है। हमें जापान जैसी अच्छी टीम के खिलाफ इस बड़े मैच की तैयारी करने के लिए दो दिन मिले। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि जापान को दबदबा बनाना और तेजी से खेलना पसंद है। हमें मजबूत प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धी बने रहना होगा जैसे हम वियतनाम के खिलाफ थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़