Christchurch Test: न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में भारत 116 पर छह विकेट गंवाकर संकट में

Christchurch Test: न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में भारत 116 पर छह विकेट गंवाकर संकट में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 116 रन बनाकर मुश्किल में घिर गई है। कीवी टीम ने टॉम ब्लंडेल के 89 रनों की बदौलत पहली पारी में 356 रन बनाए, जिससे भारत अब भी 240 रन पीछे है। भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलने के कारण टीम ने आसानी से अपने अहम विकेट गंवा दिए।

(कुशान सरकार) क्राइस्टचर्च, 28 नवंबर ऋषभ पंत ने एक बार फिर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेला जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी आसानी से अपने विकेट गंवाए जिससे भारत शनिवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन बैकफुट पर पहुंच गया। भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 116 रन बनाए। इस तरह से वह न्यूजीलैंड से अभी 240 रन पीछे है।

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। भारत ने दूसरे सत्र में यशस्वी जायसवाल (0), देवदत्त पडिक्कल (20 गेंद पर 21) और कप्तान शुभमन गिल (29 गेंद पर 17) के विकेट गंवाए। ऋषभ पंत (39 गेंद पर 23), केएल राहुल (80 गेंद पर 25) और वाशिंगटन सुंदर (60 गेंद में 10) तीसरे सत्र में आउट होने वाले बल्लेबाज थे।

स्टंप उखड़ने के समय ध्रुव जुरेल 45 गेंद पर सात रन पर खेल रहे थे। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन (33 रन देकर दो) और जैकब डफी (21 रन देकर दो) ने दो-दो जबकि मैट हेनरी और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट लिया है। वाशिंगटन दिन की अंतिम गेंद पर पवेलियन लौटे।

उन्हें स्मिथ ने दूसरी स्लिप में टॉम लैथम के हाथों कैच कराया। जब टीम संकट में थी तब पंत से जिम्मेदारी भरी पारी खेलने की उम्मीद थी। उन्होंने डफी की गेंद पर लांग-ऑन के ऊपर से छक्का लगाया लेकिन इसी गेंदबाज पर उन्होंने आगे बढ़कर गेंद को हवा में लहरा दिया जिसे जैमीसन ने कैच करने में कोई गलती नहीं की।

यह ठीक उसी तरह का शॉट था जैसा उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में मार्को यानसन की गेंद पर खेला था। पहले मैच में शतक जड़ने वाले पंत ने एक बार फिर से इसी तरह की आत्मघाती गलती की। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर अक्सर मैच की कुछ खास परिस्थितियों में पंत के शॉट चयन की आलोचना करते रहे हैं और वह उनके इस रवैए से बिल्कुल भी खुश नहीं होंगे जिससे टीम और अधिक मुश्किल में पड़ गई।

पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज राहुल चाय के विश्राम के बाद आउट होने वाली दूसरे बल्लेबाज थे। उन्होंने लगभग दो घंटे तक बल्लेबाजी करने के बाद डफी की ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर बल्ला अड़ाकर अपना विकेट इनाम में दिया। इस पिच पर मिलने वाली अतिरिक्त उछाल भारत के शीर्ष क्रम पर भारी पड़ी।

हेनरी ने जायसवाल को सही लेंथ पर की गई और थोड़ा स्विंग लेने वाली गेंद पर बोल्ड किया। पडिक्कल ने जैमीसन की बाउंसर पर हुक करके छक्का जड़ा और इसके बाद स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव खेला, लेकिन उन्होंने एक शॉट खेलने में जल्दबाजी दिखाई और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के पास चली गई। गिल ने चाय के विश्राम से ठीक पहले जैमीसन की गेंद को छेड़कर स्लिप में कैच दे दिया।

इससे पहले ब्लंडेल (211 गेंदों पर 89 रन) ने शानदार पारी खेली जिससे न्यूजीलैंड मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। भारत की तरफ से आकाश दीप ने 31.3 ओवरों में 99 देकर पांच विकेट लिए। अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे ब्लंडेल ने एकाग्रता का शानदार नमूना पेश किया।

ग्लेन फिलिप्स (36) अपने कल के स्कोर में कोई रन नहीं जोड़ पाए। उनके आउट होने के बाद नाथन स्मिथ (26), जैमीसन (19) और हेनरी (19) ने उपयोगी योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों में आकाशदीप ने सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा।

उन्होंने शानदार रिटर्न कैच से स्मिथ को आउट किया और फिर जैमीसन को शॉर्ट पिच गेंद पर डीप मिड-विकेट की ओर पुल करने के लिए उकसाया जहां जायसवाल ने डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। हैगली ओवल की पिच में अभी भी काफी नमी है और इसे देखते हुए न्यूजीलैंड ने अच्छा स्कोर बना दिया है। भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद को बरकरार रखने के लिए इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

अंशुल कंबोज (79 रन देकर दो विकेट) ने फिलिप्स को आउट करके भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई। उनकी ऑफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद फिलिप्स के बल्ले का किनारा लेकर पंत के सुरक्षित दस्तानों में चली गई। जसप्रीत बुमराह ने अच्छी लाइन पर गेंदबाजी करते हुए शुरुआत की, लेकिन ऐसा लग रहा था कि उनकी गति कुछ कम हो गई है, जिससे विकेट लेने की उनकी क्षमता प्रभावित हुई है।

स्मिथ ने आकर कुछ चौके जड़े, जबकि ब्लंडेल हमेशा की तरह दृढ़ थे। पहले घंटे के ड्रिंक्स ब्रेक के बाद ब्लंडेल ने कवर ड्राइव से चौका जड़ा जबकि स्मिथ ने खूबसूरत स्क्वायर ड्राइव लगाया। गेंद की चमक फीकी पड़ने के बाद कंबोज प्रभावहीन हो गए क्योंकि उनका अपनी लाइन और लेंथ पर कोई नियंत्रण नहीं रहा।

बराड़ ने लंच के बाद ब्लंडेल को आउट करके उन्हें शतक पूरा नहीं करने दिया। आकाशदीप ने हेनरी को पंत के हाथों कैच कराकर टेस्ट क्रिकेट में दूसरी बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। पंत का यह मैच में चौथा कैच था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़