न्यूजीलैंड दौरे के लिए Indian Football Team घोषित, बाहर हुए Gurpreet Singh Sandhu

भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दोस्ताना मुकाबलों के लिए 23 सदस्यीय टीम का चयन किया है। खराब फॉर्म के चलते पूर्व कप्तान गुरप्रीत सिंह संधू को बाहर कर दिया गया है, जबकि अनवर अली चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं बन पाए। भारत का यह दौरा 12 नवंबर से शुरू होगा।
नयी दिल्ली, छह नवंबर भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू को जगह नहीं मिली है जबकि रक्षापंक्ति के प्रमुख खिलाड़ी अनवर अली हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों) की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। अनवर की यह चोट भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है। ईस्ट बंगाल के इस डिफेंडर को एक महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है।
लालेंगमाविया राल्टे (अपुइया) और मोहम्मद सनान भी चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना सके। गुरप्रीत को बाहर रखने का फैसला ब्राजील के खिलाफ भारत की 0-4 की हार में उनके निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आया है। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मुकाबला 12 नवंबर को ऑकलैंड के गो मीडिया स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे खेलेगी।
दूसरा मैच 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे शुरू होगा। न्यूजीलैंड जाने वाली भारतीय टीम शनिवार को बेंगलुरु में एकत्रित होगी और रविवार को अभ्यास करेगी। इसके बाद टीम उसी रात ऑकलैंड के लिए रवाना होगी।
मुख्य कोच जमील ने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड भी विश्व कप में खेलने वाला देश है और एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी है। घरेलू मैदान से बाहर ये दोनों मुकाबले हमारे लिए अच्छी परीक्षा होंगे। हम बेहतर तैयारी करना चाहते हैं, अनुशासन के साथ खेलना चाहते हैं और इस अवसर का उपयोग एक टीम के रूप में खुद को बेहतर बनाने के लिए करना चाहते हैं।’’
अन्य न्यूज़














