एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने जीते छह गोल्ड मेडल

indian-wrestlers-won-six-gold-medals-in-asian-wrestling-championships
अंकित गुलिया ने 68 किग्रा में कजाकिस्तान के कोरगानोव को हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि चिराग ढालिया ने 75 किलोग्राम भारवर्ग भारत की झोली में स्वर्ण डाला।

नयी दिल्ली। भारतीय पहलवानों ने चीन के ताइजुंग में चल रही एशियाई अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को भी शानदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण पदक जीते। विश्व कैडेट चैम्पियन कोमल ने (39 किग्रा) स्वर्ण जीतकर शुरुआत की। कोमल के अलावा लड़कियों के वर्ग में सलोनी (33 किग्रा) और बबली (36 किग्रा) ने भी सोने के तमगे जीते।

इसे भी पढ़ें: टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंटः आनंद ने की अच्छी शुरूआत, कार्लसन ने बढ़त मजबूत की

भारतीय लड़कों ने फ्रीस्टाइल में दूसरे दिन भी वर्चस्व कायम रखा। आकाश ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में जापान के डाइकी ओग्वा को 8-3 से हराकर जीत हासिल की। पदार्पण कर रहे उदित कुमार ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में भारत को रजत पदक दिलाया। कपिल ने 52 किलोग्राम भारवर्ग में कपिल ने कांस्य पदक जीता।

इसे भी पढ़ें: वक्त बदला तो TIME ने दुनिया के टॉप उभरते सितारों में किया शुमार: दुती चंद

भारतीय टीम में शामिल सभी छह फ्री-स्टाइल पहलवानों ने पदक अपने नाम किये जिससे भारत टीम रैंकिंग सूची में 125 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। कजाकिस्तान 120 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। ग्रीको-रोमन में चार भारतीय पहलवानों ने पदक जीते। अंकित गुलिया ने 68 किग्रा में कजाकिस्तान के कोरगानोव को हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि चिराग ढालिया ने 75 किलोग्राम भारवर्ग भारत की झोली में स्वर्ण डाला। सुमित (62 किग्रा) अर्शदीप सिंह (85 किग्रा) ने रजत पदक अपने नाम किये। भारत ने चैंपियनशिप के पहले दिन दो स्वर्ण सहित आठ पदक जीते थे। 

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़