IOA ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक इंडिया टीम इंडिया डिजिटल अभियान किया शुरू

Team India

आईओए ने एक बयान में कहा कि एक इंडिया टीम इंडिया अभियान ओलंपिक खेलों में भारत के सफर की बानगी है। यह देश के अनूठेपन , खेलों की विरासत और खेलों में दोस्ती, एकता, खेलभावना के महत्व का उत्सव है।

नयी दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ ने शनिवार को देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘एक इंडिया टीम इंडिया’ डिजिटल अभियान शुरू किया। यह अभियान आईओए की नयी पहचान का एक हिस्सा है जो ओलंपिक अभियान में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी के सौ साल पूरे होने के मौके पर अपनाई गई थी। आईओए ने एक बयान में कहा कि एक इंडिया टीम इंडिया अभियान ओलंपिक खेलों में भारत के सफर की बानगी है। यह देश के अनूठेपन , खेलों की विरासत और खेलों में दोस्ती, एकता, खेलभावना के महत्व का उत्सव है। 

इसे भी पढ़ें: खेल मंत्रालय के सवालों का 56 खेल महासंघों ने दिया जवाब: भारतीय ओलंपिक संघ 

अभियान के वीडियो के लांच के तहत आईओए अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनलों पर नये लोगो का प्रचार करेगा। आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने एक संयुक्त बयान में कहा ,‘‘यह हमारे और देश के लिये ऐतिहासिक समय है। नयी पहचान तिरंगे की अहमियत और हमारे खिलाड़ियों और अधिकारियों की प्रतिबद्धता और मेहनत की बानगी है।’’ विश्व स्पर्धाओं में टीम इंडिया की नुमाइंदगी करते समय खिलाड़ी और अधिकारी यह नया लोगो पहनेंगे। इसके अलावा ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के समारोहों में भी यह लोगो पहना जायेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़