माग्दा लिनेट बनीं Chennai Open चैंपियन, रोमांचक फाइनल में जेनिस टीजेन को दी शिकस्त

पोलैंड की माग्दा लिनेट ने बारिश और धुंध से प्रभावित मुकाबले में इंडोनेशिया की गत चैंपियन जेनिस टीजेन को हराकर डब्ल्यूटीए 250 चेन्नई ओपन का एकल खिताब अपने नाम कर लिया। पहला सेट गंवाने के बाद तीसरी वरीयता प्राप्त लिनेट ने 5-7, 6-1, 6-4 से जीत दर्ज कर दो साल से चला आ रहा खिताबी सूखा खत्म किया। वहीं टूर्नामेंट में भारत की वैष्णवी अडकर और ऋतुजा भोसले की जोड़ी युगल वर्ग की उपविजेता रही।
चेन्नई, नौ नवंबर पोलैंड की माग्दा लिनेट ने शानदार वापसी करते हुए गत चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया की जेनिस टीजेन को सोमवार को यहां 5-7, 6-1, 6-4 से हराकर डब्ल्यूटीए 250 चेन्नई ओपन का महिला एकल वर्ग का खिताब जीत लिया। रविवार शाम को होने वाला फाइनल लगातार बारिश के कारण खेल प्रभावित होने के चलते सोमवार तक स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद प्रदूषण और धुंध की घनी परत के कारण कम दृश्यता होने से भी परिस्थितियां खेलने के अनुकूल नहीं थीं।
तीसरी वरीयता प्राप्त लिनेट ने पहला सेट करीबी मुकाबले में गंवाने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने दूसरे सेट में दबदबा बनाया और निर्णायक सेट में संयम बरकरार रखते हुए अपने करियर का चौथा एकल खिताब हासिल किया। टीजेन ने पिछले साल यहां खिताब जीता था और वह चेन्नई ओपन का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली खिलाड़ी बनने की कोशिश में थीं।
वहीं लिनेट ने दो साल से अधिक समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को समाप्त किया। उन्होंने पिछली बार जुलाई 2024 में प्राग ओपन का खिताब जीता था। पोलैंड की इस खिलाड़ी ने 2022 में भी चेन्नई ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टेनिस के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धि देखने को मिली। वैष्णवी अडकर और ऋतुजा भोसले डब्ल्यूटीए टूर युगल फाइनल में पहुंचने वाली पहली ऐसी जोड़ी बनीं जिसकी दोनों खिलाड़ी भारतीय हैं। हालांकि रविवार को खेले गए फाइनल में उन्हें सिमोना वाल्टर और नैमा करामोको की स्विट्जरलैंड की जोड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता रहीं।
माया राजेश्वरन रेवती ने भी एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर मेजबान खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट को यादगार बनाया। यह डब्ल्यूटीए 250 चेन्नई ओपन का अंतिम टूर्नामेंट था। अब मेजबान संघ 2028 में डब्ल्यूटीए 125 स्तर के टूर्नामेंटों की शृंखला आयोजित करने की योजना बनाएगा।
अन्य न्यूज़













