चोट के कारण भारत दौरे से बाहर हुए Will O'Rourke, New Zealand को लगा झटका

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज विल ओरूर्के मांसपेशियों में खिंचाव और पिंडली की चोट के चलते भारत के खिलाफ आगामी पूरी श्रृंखला में नहीं खेल सकेंगे। मेडिकल टीम से सलाह के बाद कोच रॉब वाल्टर ने उनके नाम पर विचार न करने का फैसला लिया। ओरूर्के का लक्ष्य अब दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के जरिए वापसी करना है।
न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ होने वाली आगामी श्रृंखला से पहले एक और करारा झटका लगा है और उसके तेज गेंदबाज विल ओरूर्के बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव और पिंडली की चोट के कारण इससे बाहर हो गए हैं। खेल के सभी प्रारूप में खेलने वाले इस 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने पीठ में चोट के कारण सात महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के अंतिम दिन हालांकि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इसके बाद अभ्यास के दौरान उनकी पिंडली में चोट लग गई थी।
न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ओरूर्के को भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर रखने का फैसला खिलाड़ी और मेडिकल टीम से परामर्श के बाद लिया गया। उनकी निगाहें अब दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैच की श्रृंखला में वापसी करने पर टिकी हैं। न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच, पांच वनडे मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं।
इस श्रृंखला की शुरुआत 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से होगी। वाल्टर ने कहा, ‘‘विल का भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर होना निराशाजनक है। वह वनडे और टेस्ट दोनों श्रृंखला में खेलने के लिए तैयार थे लेकिन चर्चा करने के बाद हम सभी बात पर सहमत थे कि उन्हें चोट से उबरने के लिए अभी और समय देना जरूरी है।’’ इससे पहले न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि चोट के कारण मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स टी20 श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।
अन्य न्यूज़














