Asian Games में शानदार प्रदर्शन पर President Murmu ने पदक विजेताओं को दी बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एशियाई खेलों के नौवें दिन भारतीय एथलीटों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने पारुल चौधरी, गुलवीर सिंह, विथ्या रामराज और ईशा सिंह को उनके उत्कृष्ट खेल और पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों के नौवें दिन सोमवार को पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली पारुल चौधरी को बधाई दी। यह इन खेलों में पारुल का दूसरा पदक है।

उन्होंने रविवार को महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी कांस्य पदक जीता था। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर पारुल चौधरी को हार्दिक बधाई। खेलों में दो दिन में दो पदक जीतना शानदार उपलब्धि है।

यह यादगार प्रदर्शन आपको खेल यात्रा में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करे।’’ एक अन्य पोस्ट में राष्ट्रपति ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने पर गुलवीर सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘इस स्पर्धा में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ यह उपलब्धि और भी सराहनीय हो जाती है। 10,000 मीटर में आपके रजत पदक के बाद यह इन खेलों में ट्रैक पर एक और शानदार प्रदर्शन है।

आने वाले वर्षों में कई और उपलब्धियां हासिल करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’ राष्ट्रपति ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली विथ्या रामराज को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन और नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ आपके शानदार प्रदर्शन ने भारत की एथलेटिक्स यात्रा में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जोड़ी है। आपका रिकॉर्ड प्रदर्शन युवा पीढ़ी को ऊंचे लक्ष्य तय करने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।’’ राष्ट्रपति मुर्मू ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर ईशा सिंह को भी बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘ईशा सिंह को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई। आपके शानदार प्रदर्शन में बेहतरीन कौशल, सटीकता और निरंतरता दिखाई दी। यह पदक आपकी खेल यात्रा में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

आने वाले समय में कई और सफलताओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़