PWL Auction: मुंबई में 209 पहलवानों पर लगेगी बोली, Yazdani और मनीषा भानवाला प्रमुख दावेदार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रो रेसलिंग लीग की खिलाड़ियों की नीलामी सोमवार को मुंबई में आयोजित होगी जिसमें 24 देशों के 78 विदेशी और 131 भारतीय पहलवान शामिल हैं। शीर्ष श्रेणी के मार्की पहलवानों का आधार मूल्य 18 लाख रुपये रखा गया है, जिसमें ईरान के हसन याज़दानी और भारत की मनीषा भानवाला भी शामिल हैं। नीलामी में कुल चार श्रेणियां बनाई गई हैं जिनमें 119 पुरुष और 90 महिला खिलाड़ी उतरेंगे।

तीन बार के ओलंपिक पदक विजेता हसन याज़दानी, विश्व चैंपियन मनीषा भानवाला और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल सोमवार को यहां होने वाली प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) की खिलाड़ियों की नीलामी में मुख्य आकर्षण होंगे। नीलामी में भाग लेने वाले पहलवानों में 24 देशों के 78 विदेशी और 131 भारतीय पहलवान (119 पुरुष और 90 महिलाएं) शामिल हैं। पहलवानों को उनके प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के आधार पर चार श्रेणियों में रखा गया है।

श्रेणी ए प्लस (मार्की खिलाड़ी) के लिए आधार मूल्य 18 लाख रुपये, श्रेणी ए के लिए 12 लाख रुपये, श्रेणी बी के लिए आठ लाख रुपये और श्रेणी सी के लिए तीन लाख रुपये है। शीर्ष श्रेणी में 22 पहलवान शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय दल का नेतृत्व ईरान के याज़दानी कर रहे हैं, जो रियो 2016 ओलंपिक चैंपियन और तोक्यो एवं पेरिस ओलंपिक में रजत पदक विजेता हैं।

उनके साथ मोल्दोवा की पूर्व विश्व चैंपियन अनास्तासिया निकिता और जापान के दाइची ताकातानी भी शामिल हैं, जिन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक में रजत पदक जीता था। मौजूदा विश्व चैंपियन अनास्तासिया अल्पीयेवा (यूक्रेन), पूर्व विश्व चैंपियन बिल्याना डुडोवा (बुल्गारिया) और 2026 की विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता रोमन ब्रावो-यंग (मेक्सिको) और वाज़गेन तेवन्यान (आर्मेनिया) भी नीलामी में शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में मौजूदा विश्व चैंपियन मनीषा, सुजीत (जिन्होंने इस साल एशियाई खेलों और सीनियर एशियाई चैंपियनशिप दोनों में स्वर्ण पदक जीता) और अंतिम पंघाल (विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक और एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता) शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़