Ranji Trophy: Jalaj Saxena के पांच विकेट से Kerala ने Odisha को पारी से हराया

Ranji Trophy: Jalaj Saxena के पांच विकेट से Kerala ने Odisha को पारी से हराया
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तिरुवनंतपुरम में खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले में केरल ने ओडिशा को पारी और 36 रन से हरा दिया। फॉलोऑन खेल रही ओडिशा की पूरी टीम दूसरी पारी में महज 143 रन पर ढेर हो गई। इस जीत की बदौलत केरल की टीम एलीट ग्रुप सी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर फॉलोऑन खेल रहे ओडिशा को 143 रन पर समेट दिया जिससे केरल ने बुधवार को यहां रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में पारी और 36 रन से जीत दर्ज की। इस जीत से केरल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। बंगाल लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष पर है और उसके खाते में 12 अंक हैं।

बंगाल ने बृहस्पतिवार को सेना को 60 रन से हराया था। पहले दौर के बाद शीर्ष पर काबिज गुजरात अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया। केरल और गुजरात दोनों के आठ-आठ अंक हैं।

अपने घरेलू मैदान पर झारखंड के खिलाफ पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल करने वाला महाराष्ट्र चौथे स्थान पर है। फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में बुधवार को चार विकेट पर 102 रन से आगे खेलने उतरी ओडिशा की टीम ने अपने बाकी छह विकेट महज 41 रन के भीतर गंवा दिए। उसकी पूरी टीम 58.3 ओवर में 143 रन पर आउट हो गई।

इसके साथ ही केरल ने चौथे और अंतिम दिन दूसरे सत्र में ही जीत हासिल कर ली। सक्सेना ने 34 रन देकर पांच विकेट लिए। ओडिशा की ओर से सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी ने सर्वाधिक 53 रन बनाए जबकि कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने 30 रन का योगदान दिया।

ओडिशा की टीम पहली पारी में 225 रन पर आउट हुई थी और उसे केरल के 404 रन के जवाब में 179 रन की बढ़त गंवानी पड़ी थी। पालम बी मैदान पर मेजबान दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ कराया और तीन अंक हासिल किए। दिल्ली ने आयुष बडोनी के 217 और प्रियांश आर्य के 199 रन की मदद से पहली पारी छह विकेट पर 648 रन बनाकर घोषित की थी।

इसके जवाब में गुजरात की टीम पहली पारी में 479 रन पर आउट हो गई। फॉलोऑन खेलने के बाद गुजरात ने दूसरी पारी में आठ ओवर में एक विकेट पर 15 रन बनाए। आर्य को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

अंतिम दिन पहली पारी में पांच विकेट पर 363 रन से आगे खेलने उतरी गुजरात की टीम ने 116 रन और जोड़कर बाकी बचे पांच विकेट गंवा दिए। मनन हिंगराजिया ने 303 गेंद में 123 रन बनाए। कप्तान चिंतन गाजा ने 82 रन की पारी खेली लेकिन गुजरात को पहली पारी में पिछड़ने से नहीं बचा सके।

दिल्ली के लिए ऋतिक शौकीन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 143 रन देकर पांच विकेट लिए,जबकि सुमित माथुर ने दो विकेट हासिल किए। आठ टीम की अंक तालिका में दिल्ली छठे स्थान पर है।

पुणे में महाराष्ट्र ने झारखंड के खिलाफ ड्रॉ मैच से पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। झारखंड के पहली पारी के 169 रन के जवाब में महाराष्ट्र ने पांच विकेट पर 527 रन बनाकर पहली पारी घाषित की थी। पहली पारी में 358 रन से पिछड़ने के बाद झारखंड ने दूसरी पारी में शिखर मोहन (127) के शतक और उत्कर्ष सिंह (58) और आदित्य सिंह (51) के अर्धशतकों से जब आठ विकेट पर 344 रन बनाए थे जब मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़