Masters Tournament पर Rory McIlroy का फिर कब्जा, लगातार दूसरी जीत से की Tiger Woods के रिकॉर्ड की बराबरी

Rory McIlroy
AI Generated

रॉरी मैकलॉय ने मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट में लगातार दूसरा खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है, और वह जैक निकोलस, निक फाल्डो व टाइगर वुड्स के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रोमांचक मुकाबले में स्कॉटी शेफ़लर को एक शॉट से हराकर यह प्रतिष्ठित जीत हासिल की।

रॉरी मैकलॉय मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करके जैक निकोलस, निक फाल्डो और टाइगर वुड्स के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए हैं। मैकलॉय (67, 65, 73, 71) को इस बीच कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरना पड़ा लेकिन आखिर में वह एक शॉट से जीत हासिल करने में सफल रहे। उन्होंने कुल 12 अंडर 276 का स्कोर बनाया और स्कॉटी शेफ़लर पर एक शॉट से जीत हासिल की।

मैकलॉय ने तीसरे राउंड में छह शॉट की बढ़त गंवा दी थी, लेकिन अंतिम राउंड के आखिर में उन्होंने दो शानदार बर्डी लगाकर शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम शामिल कर लिया। मैकलॉय इस तरह से वुड्स, फाल्डो और निकोलस के बाद मास्टर्स में अपने खिताब का बचाव करने वाले चौथे गोल्फर बन गए।

उन्होंने बाद में कहा, ‘‘पिछले साल मास्टर्स और ग्रैंड स्लैम जीतना बहुत मुश्किल लग रहा था, लेकिन इस साल मुझे अहसास हुआ कि मास्टर्स जीतना वाकई बहुत मुश्किल है। अविश्वसनीय।’’ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फ्लोरिडा से वाशिंगटन लौटते समय सोशल मीडिया पर मैकलॉय को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘‘रॉरी हर साल महान हस्ती बनते जा रहे हैं।’’ टाइरल हटन, रसेल हेनली, जस्टिन रोज और कैमरन यंग 10 अंडर 278 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़