Table Tennis World Championship: मानुष शाह ने जीता निर्णायक मुकाबला, भारत ने Slovakia को 3-2 से दी मात

Table Tennis World Championship
AI Generated

आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष टीम ने रोमांचक वापसी करते हुए स्लोवाकिया को 3-2 से मात दी। 1-2 से पिछड़ने के बाद मानव ठक्कर के दो और मानुष शाह के निर्णायक मैच ने भारत को ग्रुप में शीर्ष पर पहुंचाया।

भारत की पुरुष टीम ने यहां आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप के रोमांचक ग्रुप सात मुकाबले में वापसी करते हुए स्लोवाकिया को 3-2 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ग्रुप तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया और ग्वाटेमाला के खिलाफ अगले मुकाबले से पहले अपनी स्थिति मजबूत कर ली। स्लोवाकिया के खिलाफ मुकाबला उतार-चढ़ाव भरा रहा लेकिन अंत में भारत ने दबाव में धैर्य और दृढ़ता दिखाते हुए जीत हासिल की।

स्लोवाकिया ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली जब दुनिया के 149वें नंबर के खिलाड़ी लुबोमीर पिस्टेज ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए 51वीं रैंकिंग वाले मानुष शाह को पांच गेम में 11-8, 5-11, 8-11, 11-5, 11-6 से हरा दिया। भारत के दुनिया के 42वें नंबर के खिलाड़ी मानव ठक्कर ने इसके बाद याकूब जेलिंका को सीधे गेम में 11-6, 11-8, 11-6 से हराकर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया। हालांकि तीसरे मुकाबले में स्लोवाकिया ने फिर से बढ़त बना ली जब वांग यांग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरमीत देसाई को 16-14, 11-5, 11-9 से हराया।

भारत ने 1-2 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की। मानव एक बार फिर संकटमोचक बनकर उभरे और उन्होंने लुबोमीर को 11-3, 11-3, 11-3 से करारी शिकस्त देकर मुकाबला फिर से बराबर कर दिया। बाएं हाथ के खिलाड़ी मानुष ने निर्णायक मुकाबले में दबाव के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया और याकूब को 11-8, 11-8, 11-7 से हराकर भारत को 3-2 की महत्वपूर्ण जीत दिलाई। पुरुष और महिला टीम बृहस्पतिवार को ही अपने अंतिम ग्रुप मैच खेलेंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़