टेनिस जगत में धूम मचाने को तैयार है स्पेन का एक और ‘राफा’

राफेल होदार को नडाल की तरह ‘राफा’ उपनाम से भी जाना जाता है। वह मैड्रिड ओपन में अपने पदार्पण से ठीक पहले शीर्ष 50 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। एक और होनहार खिलाड़ी 20 वर्षीय मार्टिन लैंडालुस हैं, जिन्होंने हाल में पुरुष रैंकिंग में शीर्ष 100 में जगह बनाई है। अल्काराज़ के कलाई में चोट के कारण नाम वापस लेने के बाद मैड्रिड ओपन में यह दोनों दर्शकों के पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक होंगे।
विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ की उम्र केवल 22 वर्ष है, लेकिन उनके देश स्पेन में प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी के बारे में पहले से ही चर्चा हो रही है। इनमें से सबसे चर्चित नाम उस खिलाड़ी का है जिनका पहला नाम सर्वकालिक महान खिलाड़ी राफेल नडाल के समान है। यह खिलाड़ी है 19 वर्षीय राफेल होदार, जो रैंकिंग में शीर्ष 50 में जगह बनाने से स्पेन और पूरे टेनिस जगत में सुर्खियां बटोर रहे हैं।
होदार को नडाल की तरह ‘राफा’ उपनाम से भी जाना जाता है। वह मैड्रिड ओपन में अपने पदार्पण से ठीक पहले शीर्ष 50 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। एक और होनहार खिलाड़ी 20 वर्षीय मार्टिन लैंडालुस हैं, जिन्होंने हाल में पुरुष रैंकिंग में शीर्ष 100 में जगह बनाई है। अल्काराज़ के कलाई में चोट के कारण नाम वापस लेने के बाद मैड्रिड ओपन में यह दोनों दर्शकों के पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक होंगे।
अल्काराज इन दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह स्पेन में टेनिस को नए मुकाम तक पहुंचाने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ये दोनों एक-दूसरे की मदद से लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष पर पहुंचेंगे। उनका भविष्य उज्ज्वल है।’’ होदार एक साल पहले तक विश्व रैंकिंग में शीर्ष 600 खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं थे। मार्च में उन्होंने शीर्ष 100 में प्रवेश किया और सोमवार को जारी नवीनतम एटीपी रैंकिंग में 42वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
होदार ने कहा, ‘‘मैं बचपन से ही दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करता रहा हूं। मैं शुरू से ही कोर्ट के अंदर और बाहर बहुत शांत स्वभाव का रहा हूं। मैं जानता हूं कि ऐसा समय भी आएगा जबकि परिस्थितियां आपके अनुकूल नहीं होंगी और ऐसे समय में आपकी मानसिक मजबूती की परीक्षा होती है। इस तरह का दौर मुझे और मजबूत बनाएगा।’’
होदार ने बार्सिलोना ओपन में तीन सीधे सेटों में जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में उन्हें आर्थर फिल्स से तीन सेटों में हार का सामना करना पड़ा। इस स्पेनिश खिलाड़ी ने इसी महीने की शुरुआत में मोरक्को में अपना पहला टूर-स्तरीय खिताब जीता था। वह यूएस ओपन में लड़कों के एकल वर्ग के चैंपियन भी रह चुके हैं। होदार जब छोटे थे तब वह दर्शक के रूप में मैड्रिड ओपन देखने आते थे और अब इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया। मुझे हर टूर्नामेंट पर ध्यान देना होगा, यह टूर पर मेरा पहला साल है। मैं अभी सीख रहा हूं। मुझे अनुभव हासिल करने और शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने की जरूरत है।’’ सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज ने होदार को ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उसकी प्रगति को देख रहा हूं। मुझे लगता है कि उसने टूर में बहुत जल्दी अपनी जगह बना ली है।
अन्य न्यूज़














