धोनी के नोएडा स्थित मकान में हुई चोरी, 3 लोगों को किया गिरफ्तार

theft-at-ms-dhoni-s-dhoni-house-in-noida-three-people-arrested

थाना प्रभारी ने बताया कि यह मकान भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का है, जिसे उन्होंने विक्रम सिंह नामक व्यक्ति को किराए पर दे रखा है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से सेक्टर 45 में रहने वाले राजीव कुमार नामक व्यक्ति के घर से चोरी हुआ सामान भी बरामद हुआ है।

नोएडा। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के नोएडा स्थित मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी किया गया एलईडी टीवी और अन्य सामान बरामद किया गया है। धोनी ने यह मकान किराए पर दिया हुआ है। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को राहुल, बाबू उर्फ सहाबुद्दीन और इकलाख को गिरफ्तार किया। उनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए तीन इनवर्टर, नौ बैटरियां, लैपटॉप, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन और गैस सिलेंडर आदि बरामद किए। 

इसे भी पढ़ें: विश्व कप के अभ्यास मैच में भारत ने बांग्लादेश को हराया, धोनी बने मैन ऑफ द मैच

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सेक्टर 104 स्थित मकान से मई में घरेलू सामान चोरी किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मकान भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का है, जिसे उन्होंने विक्रम सिंह नामक व्यक्ति को किराए पर दे रखा है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से सेक्टर 45 में रहने वाले राजीव कुमार नामक व्यक्ति के घर से चोरी हुआ सामान भी बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान चोरों ने अपना अपराध स्वीकार किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़